बुधवार का दिन भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए ऐतिहासिक दिन था जब चंद्रयान-3 ने चांद के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में सॉफ्ट लैंडिंग कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की. चंद्रयान के सॉफ्ट लैंडिंग करते ही भारत के लोग खुशी से झूम उठे और दुनिया ने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम का लोहा माना. दुनिया की निगाहें भारत के इस मून मिशन पर इसलिए भी ज्यादा थीं क्योंकि इसकी सफलता से कुछ दिनों पहले ही रूस का मून मिशन लूना-25 चांद की सतह पर क्रैश कर गया था अब जबकि भारत उसी काम में सफल रहा है, तमाम देशों के साथ-साथ रूस भी भारत की तारीफ करते हुए बधाई दे रहा है
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बयान जारी कर सफलता के लिए प्रधानमंत्री मोदी समेत समस्त देशवासियों को बधाई दी है रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रॉसकॉसमॉस ने भी इसरो को सफलता की बधाई दी तो वहीं, रूसी मीडिया में भी चंद्रयान-3 की काफी कवरेज देखने को मिल रही है
रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी TASS ने लिखा है कि भारत के हालिया मून मिशन से साबित होता है कि चांद दुनिया के अंतरिक्ष विज्ञान का केंद्र बन गया है. एजेंसी ने लिखा कि चंद्रयान-3 भारत का तीसरा मून मिशन है. चंद्रयान-3 ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की है
कॉस्मोनॉटिक्स इतिहासकार अलेक्जेंडर जेलेज्न्याकोव के हवाले से TASS ने लिखा कि चांद की सतह पर भारत के चंद्रयान-3 की लैंडिंग ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि आज के अंतरिक्ष वैज्ञानिकों का पहला लक्ष्य पृथ्वी के प्राकृतिक उपग्रह के बारे में अधिक से अधिक जानकारी हासिल करना है
रूसी एक्सपर्ट के हवाले से TASS लिखता है, ‘हमने पृथ्वी की नजदीकी कक्षा में अच्छी तरह से महारत हासिल कर ली है और अब अपने क्षेत्र का विस्तार कर हम चांद के बारे में अधिक खोज करना चाहते हैं.’
एजेंसी ने आगे लिखा कि भारत अब बड़े मून पावर्स की कतार में शामिल हो गया है. भारत का मून मिशन चांद की सतह पर जो खोज करेगा, उससे चंद्रमा को लेकर सामान्य जानकारी में दुनिया को योगदान मिलेगा l
विज्ञान के क्षेत्र में बड़ी प्रगति का सबूत
रूसी न्यूज एजेंसी ने अपनी एक रिपोर्ट में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का बधाई संदेश भी प्रकाशित किया है जिसमें रूसी राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन की तरफ से जारी एक बयान में भारत को बधाई दी गई है. क्रेमलिन की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति पुतिन ने चंद्रमा पर दक्षिणी ध्रुव के पास चंद्रयान -3 की सफल लैंडिंग पर भारत के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है l
बयान में पुतिन के हवाले से लिखा गया, ‘दक्षिणी ध्रुव के पास चंद्रमा पर भारत के चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की मैं हार्दिक बधाई देता हूं. यह अंतरिक्ष खोजों में एक लंबी प्रगति है और निश्चित रूप से, विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भारत की प्रभावशाली प्रगति का प्रमाण है.’ पुतिन ने इसरो के वैज्ञानिकों को भी बधाई दी है l