चंद्र ग्रहण आज, सूतक काल जारी, जानें भारत में कहां-कहां दिखेगा
3 मार्च यानी आज साल का पहला चंद्र ग्रहण लगने वाला है. यह एक खंडग्रास चंद्र ग्रहण होगा, जो सिंह राशि और पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में लगेगा. यह चंद्र ग्रहण भारत में भी दिखाई देगा. इस चंद्र ग्रहण का सूतक काल भी भारत में मान्य होगा. चंद्र ग्रहण दोपहर को 3 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगा. और शाम को 6 बजकर 46 मिनट पर समाप्त होगा. इसका सूतक काल सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर शुरू हो चुका है. यह चंद्र ग्रहण भारत के कई बड़े शहरों में दिखाई देने वाला है. आचार्य गौरव ने बताया कि यह चंद्र ग्रहण सिंह राशि में लग रहा है, इसलिए इस राशि पर इसका सर्वाधिक प्रभाव होगा. लेकिन सिंह राशि के ठीक सामने 180 डिग्री पर कुंभ राशि भी है. यानी ग्रहण अगर सिंह राशि में लगा है तो उसका प्रभाव कुंभ राशि पर भी होगा. इसलिए इन दोनों ही राशि वालों को आज बहुत सावधान रहना होगा. आज किसी भी बड़ी डील के लिए आगे न बढ़ें. झगड़े या वाद-विवाद से बचें. वाहन सोच-समझकर चलाएं. पार्टनर के साथ तालमेल बनाकर चलें. ग्रहण समाप्त होने के बाद सभी राशियों के लोग स्नान करें. घर में गंगाजल का छिड़काव करें. भगवान और ईष्टदेवों को नमन करें.
नासा के अनुसार, 3 मार्च की शाम चंद्र ग्रहण लगने वाला है. जिस वक्त चंद्रमा पूरी तरह पृथ्वी की छाया से ढका होगा, तब वो गहरे लाल रंग का दिखाई देगा. इसे ‘ब्लड मून’ कहते हैं. चंद्रमा लाल रंग का इसलिए दिखाई देता है, क्योंकि सूर्य की रोशनी पृथ्वी के वायुमंडल से होकर मुड़ जाती है. इस बार पूर्ण चंद्र ग्रहण का नजारा करीब 58 मिनट तक दिखाई देने वाला है. यह ईस्टर्न एशिया, ऑस्ट्रेलिया, प्रशांत महासागर और अमेरिका के विभिन्न हिस्सों में दिखाई देगा. इसे देखने के लिए टेलीस्कोप की जरूरत भी नहीं है. NASA के अनुसार, 3 मार्च को पूर्ण चंद्र ग्रहण के दौरान चंद्रमा लाल दिखाई देगा. 8 मार्च की रात को आकाश में शुक्र और शनि एक-दूसरे के बेहद करीब होंगे. इसके अलावा, 20 मार्च उत्तरी गोलार्ध में वसंत ऋतु का पहला दिन है.
पंडित शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि यह चंद्र ग्रहण फाल्गुन पूर्णिमा पर लग रहा है. शास्त्रों के अनुसार, इसी दिन होलिका दहन भी किया जाता है. यदि आप 3 मार्च को होलिका दहन करना चाहते हैं तो ग्रहण समाप्त होने के बाद कर सकते हैं. आज शाम 6 बजकर 46 मिनट पर ग्रहण समाप्त हो जाएगा. तब न तो ग्रहण का प्रभाव रहेगा और न ही भद्रा का साया. इसके बाद 4 मार्च को आप निसंकोच रंग वाली होली खेल सकते हैं.
आज शाम देश में कई जगहों पर खंडग्रास चंद्र ग्रहण दिखाई दे सकता है. दिल्ली-एनसीआर सहित बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उड़ीसा, पुड्डुचेरी, राजस्थान, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लोग खंडग्रास चंद्र ग्रहण देख सकेंगे. अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और पश्मिच बंगाल में पूर्ण चंद्र ग्रहण का दृश्य दिखाई दे सकता है.
सूतक काल और चंद्र ग्रहण में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और रोगियों को विशेष ख्याल रखने की सलाह दी जाती है. सूतक काल में भी इन लोगों को विशेष छूट मिलती है. ये लोग जरूरत पड़ने पर खान-पान कर सकते हैं. लेकिन घर से बाहर निकलने या कोई जोखिमभरा कार्य करने से बचें. खासतौर से नुकीली या धारदार चीजों का प्रयोग न करें. घर से बाहर किसी सुनसान जगह पर बिल्कुल न जाएं.
