आलीशान घर…इंदौर के व्यक्ति ने अपना घर 24 कैरेट सोने से सजाया..

इंदौर के एक व्यक्ति ने अपने घर का कोना-कोना सोने से सजाया है। उनके घर के फर्नीचर से लेकर स्विच बोर्ड तक, सभी 24 कैरेट सोने से बने हुए हैं।  इंस्टाग्राम कंटेंट क्रिएटर प्रियम सारस्वत आलीशान घरों के वीडियो साझा करते रहते हैं। हालांकि, इस बार उन्होंने जो वीडियो पोस्ट किया, उसे देखकर लोगों के होश उड़ गए। प्रियम इंदौर स्थित शाही घर में प्रवेश करते हैं, जो पूरी तरह से सोने से सजा है। इस घर को देखकर ऐसा लगता है कि मानो किसी राजा के महल में पहुंच गए हों।

जैसे ही दरवाजा खुलता है, सबसे पहले उन्हें एक गौशाला दिखाई जाती है। घर के मालिक मानते हैं कि गाय पालने से सकारात्मकता आती है। इसके बाद उनका अद्भुत कार का संग्रह दिखाई देता है। कई शानदार गाड़ियां इस घर की पार्किंग की शोभा बढ़ाती हैं, जिनमें 1936 की विंटेज मर्सिडीज भी शामिल है।जब प्रियम घर के अंदर पहुंचते हैं तो उन्हें चारों तरफ सोना दिखाई देता है। वह पूछते हैं, “बहुत सारा सोना दिखाई दे रहा है।” इस पर मालिक जवाब देते हैं, “सब असली 24 कैरेट सोना है।” इस घर में कमरे की दीवारों पर बने खंबे, फर्नीचर, छत, सजावट का सामान और यहां तक की स्विच बोर्ड तक सोने के ही लगाए गए हैं। इसके बाद प्रियम घर के मुख्य एरिया की ओर बढ़ते हैं, जिसमें बॉलीवुड फिल्मों से प्रेरित सीढ़ियां दिखाई देती हैं। घर के मालिक की अमीरी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पूरे घर में सोने की कई मूर्तियां नजर आती हैं। घर के मंदिर में भगवान सोने के सिंहासन पर विराजमान हैं। मालिक बताते हैं कि उनके आलीशान बंगले में 10 बैडरूम हैं, हर कमरे में बालकनी हैं और गार्डन में फव्वारा तक लगा हुआ है।

अपनी सफलता की कहानी बताते हुए मालिक कहते हैं, “हमारे 25 लोगों के परिवार के लिए सिर्फ एक पेट्रोल पंप था। सभी उस पर ही निर्भर थे।” आगे कहा, “मुझे एहसास हुआ कि मेरा गुजारा मुश्किल होगा, इसलिए मैंने सरकारी ठेकेदारी शुरू कर दी। हम सरकार के लिए सड़कें, पुल और इमारतें बनाते हैं।” वह अब 300 कमरों वाला एक होटल भी बना रहे हैं। उनकी कहानी ने कई लोगों को प्रेरित भी किया है।