मध्य प्रदेश की नई मोहन सरकार शपथ लेते ही एक्शन में दिख रही है। पहले बीजेपी कार्यकर्ता पर हमला करने वाले के यहां बुलडोजर चलाया और अब रेत माफिया के घर पर बुलडोजर चलाया गया है। नर्मदापुरम जिले के पांजराकलां ग्राम में दो दिन पहले अवैध रेत परिवहन करने वाले आरोपियों द्वारा प्रशासन की टीम पर पथराव किया था। इस घटना में एक प्राइवेट ट्रैक्टर चालक पत्थर लगने से घायल हो गया था। इस मामले में आज आरोपी रेत माफिया के घर पर प्रशासन की टीम पहुंची और बुलडोजर से मकान ध्वस्त कर दिया।
इस मामले में नायब तहसीलदार की शिकायत पर देहात पुलिस ने आरोपियों के पांजराकलां ग्राम निवासी दो युवकों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा उतपन्न करने के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके बाद आज सुबह नर्मदापुरम एसडीएम पुलिस बल के साथ पांजरा कलां ग्राम पहुंचे और प्रशासन की टीम पर पथराव करने वाले दोनों आरोपियों के अवैध पक्के निर्माण को जेसीबी से तोड़ दिया।
नर्मदापुरम के पांजरा कलां गांव में सुबह राजस्व की टीम जेसीबी लेकर पहुंची। यहां मयंक निमोद और सोनू निमोद का शासकीय जमीन पर बने अवैध पक्के निर्माण को तोड़ने की कार्यवाही की गई। दोनों आरोपियों द्वारा दो दिन पहले नायब तहसीलदार कीर्ति प्रधान और खनिज टीम पर पथराव किया था। नायब तहसीलदार की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ देहात पुलिस ने मामला दर्ज किया था। जिसके बाद आज एसडीएम द्वारा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके अवैध पक्के निर्माण को जेसीबी से तोड़ा गया।
https://twitter.com/sabse_tejkhabar/status/1735962041343676724