मध्यप्रदेश : मंदसौर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, जूलर और उसकी पत्नी के साथ तीसरा शख्स कौन?

मध्य प्रदेश के मंदसौर में साल के आखिरी दिन ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई है। 31 दिसंबर 2025 की रात जब लोग जश्न में डूबे थे, तब मकान के अंदर से गोलियों की आवाज आ रही थी। कुछ ही देर में वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई है। घर के अंदर तीन लोगों के खून से लथपथ शव मिले हैं। दरअसल, मंदसौर शहर के एक पॉश इलाके में अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। यह आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग डर गए और घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही पलों में घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक यह खबर फैल चुकी थी कि घर के अंदर तीन लोगों की मौत हो गई है। यह दिल दहला देने वाली घटना एक गोल्ड कारोबारी, उसकी पत्नी और एक बाहरी व्यक्ति से जुड़ी है। तीनों के शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिले। यह भयानक मंजर देखने वाले लोग सिहर उठे।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तमाम पुलिस अधिकारी पहुंच गए। सबसे पहले पूरे इलाके को सील किया गया ताकि सबूत नष्ट नहीं हो। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके का बारीकी के साथ मुआयना किया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज जब्त किए हैं। कैमरों से पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौके से एक पिस्तौल और एक चाकू बरामद हुआ है। इन हथियारों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किस हथियार का इस्तेमाल किया गया और गोली किसने चलाई। हालात को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटा जा सके।

पुलिस की शुरुआती जांच में मृतकों की पहचान दिलीप जैन, उनकी पत्नी रेखा जैन और एक बाहरी व्यक्ति के रूप में हुई है। दिलीप जैन सोने-चांदी का कारोबार करते थे और इलाके में जाने-पहचाने व्यक्ति थे। तीसरे मृतक की पहचान राजस्थान निवासी विकास सोनी के रूप में की जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पहचान की औपचारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। तीनों शवों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि किसकी मौत गोली लगने से हुई और किस पर किस हथियार से हमला किया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस वारदात की वजह बड़े पैमाने पर लेन-देन से जुड़ा विवाद हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले तीनों के बीच तीखी बहस हुई थी। यह बहस किस बात को लेकर हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस के सामने कई सवाल हैं।

मंदसौर एसपी ने बताया कि पुलिस को करीब रात 8:30 बजे सूचना मिली थी कि एक घर के अंदर गोलियों की आवाज आई है। मौके पर पहुंचने पर कमरे के अंदर तीन लोग मृत अवस्था में पाए गए। जांच में यह सामने आया कि मृतकों में पति-पत्नी और एक बाहरी व्यक्ति शामिल हैं। मौके से एक पिस्तौल और एक चाकू बरामद हुआ है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। घर में लगे सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए गए हैं और हर एंगल से जांच की जा रही है।