प्रयागराज से लखनऊ तक, माफिया अतीक की 345 करोड़ की संपत्ति जब्त
उत्तर प्रदेश में माफिया अतीक और अशरफ की अवैध संपत्तियों पर बड़ी कार्रवाई हुई है. उनकी प्रयागराज, कौशाम्बी और लखनऊ स्थित 345 करोड़ की संपत्ति जब्त कर दी गई है. प्रयागराज जिला प्रशासन ने माफिया की 345 करोड़ की संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया है. पहले इन संपत्तियों को गैंगस्टर के तहत पुलिस ने कुर्क किया था. अब माफिया अतीक, अशरफ और शाइस्ता की 345 करोड़ की संपत्तियों को जब्त किया गया है. माफिया की जब्त संपत्तियों में मकान, जमीन और बैंक में जमा राशि शामिल है. जब्त की गई संपत्तियों की निगरानी के लिए अधिकारियों को भी लगाया गया है. ताकि माफिया के गुर्गे जब्त संपत्तियों पर दोबारा कब्जा न कर सकें.
जब्त की गई संपत्तियों को विधिक प्रक्रिया अपनाकर सरकार सार्वजनिक उपयोग में लाएगी. बताया जा रहा है कि माफिया अतीक की जब्त होने वाली संपत्ति में 1 अरब 23 करोड़ 28 लाख कीमत की फूलपुर तहसील के झूंसी की जमीन है. यह भूखंड अतीक के पिता हाजी फिरोज अहमद, भाई उस्मान अहमद और फिरोज अहमद के नाम पर है. जब्त होने वाली दूसरी सबसे बड़ी संपत्ति माफिया अतीक की पत्नी शाइस्ता के नाम झूंसी के कटका स्थित 81करोड़ की जमीन है.
तीसरी बड़ी संपत्ति लखनऊ के भैसोरा स्थित करीब 31 करोड़ की संपत्ति है. फैजुल्लाबाद वार्ड के शेरवानी नगर में आठ करोड़ के अनुमानित मूल्य का मकान जब्त किया गया है. इतना ही नहीं जब्त होने वाली चौथी बड़ी संपत्ति कौशांबी कोइलहा की 24 करोड़ की जमीन है. अब अगर बात करें बैंक खातों में जमा धनराशि की तो 13 बैंक खातों में करीब 1 अरब 13 करोड़ 61 लाख से रुपये जमा हैं. इन्हें भी जब्त कर लिया गया है.
