छत्तीसगढ़ बंद…रायपुर में मैग्नेटो मॉल में तोड़फोड़, बजरंग दल कार्यकर्ता ने ब्लिंकिट-कर्मी को पीटा
छत्तीसगढ़ : कांकेर जिले के आमाबेड़ा में हुई हिंसा और कथित धर्म परिवर्तन के विरोध में कई सामाजिक संगठनों ने आज छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया है। प्रदेशभर में बंद का असर दिखा। रायपुर, दुर्ग और जगदलपुर में स्कूल, दुकानें और कई कॉमर्शियल प्रतिष्ठान सुबह से बंद हैं। । बंद का असर सुबह से ही राज्य के कई जिलों में देखने को मिला। रायपुर, दुर्ग और जगदलपुर सहित कई शहरों में दुकानें, सब्जी मंडियां और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। ट्रांसपोर्ट सेवाएं भी आंशिक रूप से प्रभावित हुईं, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसी बीच रायपुर में बंद के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा उत्पात की घटनाएं सामने आईं। तेलीबांधा स्थित मैग्नेटो मॉल में घुसकर प्रदर्शनकारियों ने क्रिसमस को लेकर की गई सजावट को तोड़ दिया। मॉल के अंदर भी तोड़फोड़ की गई, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके अलावा कटोरा तालाब स्थित ब्लिंकिट गोदाम में भी हंगामा किया गया। बंद के बावजूद सेवा चालू रखने का विरोध करते हुए कुछ लोगों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई है। इस बंद को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स और ट्रांसपोर्ट चैंबर का भी समर्थन मिला। सुबह कई व्यापारी संगठनों के सदस्य राजधानी के प्रमुख इलाकों में दुकानों को बंद कराने निकले। इस दौरान उनके साथ बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
कुल मिलाकर, बंद का असर केवल रायपुर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापारिक गतिविधियां ठप रहीं। हालांकि, तोड़फोड़ और हिंसा की घटनाओं को लेकर प्रशासन सतर्क है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
