प्रयागराज महाकुंभ में बुधवार को भगदड़ के बाद भीड़ कम है। मेले में आने-जाने के रास्ते अलग कर दिए गए हैं। प्रयागराज शहर में गाड़ियों की एंट्री पर रोक है। मेला क्षेत्र को पूरी तरह से नो-व्हीकल जोन घोषित कर दिया है। VVIP पास भी रद्द कर दिए गए हैं। यह नियम 4 फरवरी तक लागू रहेंगे। ज्यादातर गाड़ियां शहर की सीमाओं पर फंसी हैं। अखिलेश यादव ने एक वीडियो X पर शेयर किया। लिखा, ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो लोग महाकुंभ में फंसे लोगों के लिए भोजन-पानी की व्यवस्था कर रहे है, उनके सद्प्रयासों के ऊपर राजनीतिक विद्वेष वश मिट्टी डाल दी जा रही है। जनता संज्ञान ले। इसके बाद गंगापार के पुलिस उपाधीक्षक ने ACP सोरांव की रिपोर्ट के आधार पर थाना प्रभारी सोरांव ब्रजेश तिवारी को सस्पेंड कर दिया है।
वहीं किन्नर अखाड़ा ने आज चार महामंडलेश्वर और चार श्रीमहंत बनाए। सभी महामंडलेश्वर और श्रीमहंतों का इसके पहले पिण्ड दान और संन्यास दीक्षा संगम पर विधि विधान से हुआ। योगी सरकार ने भगदड़ हादसे की जांच के लिए न्यायिक आयोग बनाया है। रिटायर्ड जज हर्ष कुमार के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। कमेटी आज 31 जनवरी को कमेटी महाकुंभ आएगी और भगदड़ की जांच करेगी।