महाराष्ट्र: अमरावती में भीषण हादसा, 70 फीट गहरी खाई में गिरी पिकअप वैन, 5 की मौत

महाराष्ट्र के अमरावती में रविवार देर शाम भीषण हादसा हो गया. मजदूरों को लेकर जा रही एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर 60 से 70 फीट गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन में करीब 20 मजदूर धरानी तालुका के बेल्टालाई से कंजुली जा रहे थे. पिकअप रानी गांव के घाट पर पहुंची तो ड्राइवर का अचानक संतुलन बिगड़ गया और डिवाइडर से टकराते हुए गहरी खाई में जा गिरी. पिकअप वैन के खाई में गिरते ही चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोग दौड़कर मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. मंजर इतना खौफनाक था कि कई शव बिखरे पड़े थे. पुलिस ने लोगों की मदद से रेस्क्यू कर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया.

हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से 12 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. उनका फिलहाल इलाज चल रहा है. हादसे के बाद उस रूट पर लंबा जाम लग गया. लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.