महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव रिजल्ट आने के 13वें दिन यानी आज गुरुवार को नई सरकार शपथ लेगी। भाजपा विधायक दल के नेता देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। फडणवीस 2014 से 2019 में पहली बार CM बने थे। 2019 में अजित पवार की मदद से वो CM बने, लेकिन दो दिन बाद ही उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। पिछली एकनाथ शिंदे सरकार में वे डिप्टी CM रह चुके हैं। फडणवीस के साथ शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे और NCP सुप्रीमो अजित पवार डिप्टी CM पद की शपथ लेंगे। फडणवीस के बाद शिंदे CM से डिप्टी CM बनने वाले दूसरे नेता हैं। अजित पवार छठी बार उप मुख्यमंत्री बनेंगे। वे महायुति और महाविकास अघाड़ी दोनों गठबंधन में डिप्टी CM रह चुके हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा के अलावा भाजपा और NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उप-मुख्यमंत्रियों समेत 2 हजार VIPs को न्योता भेजा गया है। समारोह मुंबई के आजाद मैदान में शाम 5:30 बजे से होगा। राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन शपथ दिलवाएंगे। 40 हजार लोगों के आने की संभावना है। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को वोटिंग हुई थी। 23 नवंबर को रिजल्ट आया। महायुति को 230 सीटें मिलीं। इसमें भाजपा को 132, शिवसेना को 57 और NCP को 41 विधायक जीते। वहीं महाविकास अघाड़ी (MVA) को 46 और अन्य को 12 सीटें मिलीं। MVA में शिवसेना (UBT) 20, कांग्रेस 16 और शरद पवार की NCP को 10 सीटों पर जीत मिली। बहुमत का आंकड़ा 145 है।
