महाराष्ट्र : मुंबई में चलती ट्रेन से महिला को धक्का दिया, छेड़छाड़ की, महिला डिब्बे में जबरदस्ती घुसा आरोपी

राष्ट्रीय

मुंबई के दादर स्टेशन में उद्यान एक्सप्रेस में 29 साल की एक महिला यात्री के साथ एक व्यक्ति ने छेड़छाड़ करने की कोशिश की। महिला ने जब इसका विरोध किया तो उसे चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। यह घटना 6 अगस्त की है। ट्रेन पुणे से मुंबई जा रही थी। आरोपी महिला डिब्बे में जबरदस्ती घुस गया था। ट्रेन से नीचे गिरने पर महिला घायल भी हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन रात करीब 8.30 बजे जब ट्रेन अपने दूसरे आखिरी स्टेशन दादर को पार कर रही थी तभी आरोपी महिला डिब्बे में घुस गया। उस वक्त कंपार्टमेंट में बहुत कम यात्री थे। अधिकारी ने बताया कि उसने कथित तौर पर महिला से छेड़छाड़ की और उसका नीला बैग छीन लिया, जिसमें नकदी थी। अधिकारी ने बताया कि जैसे ही महिला ने छेड़छाड़ और लूटपाट का विरोध किया, आरोपी ने उसे डिब्बे से बाहर धकेल दिया और भाग गया।

पुलिस ने CCTV फुटेज से आरोपी को पकड़ा
रेलवे पुलिस (GRP) ने कहा कि महिला ने सोमवार को शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया। अधिकारी ने कहा, पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने से पहले CCTV फुटेज को स्कैन किया और प्रत्यक्षदर्शियों से बात की।