मलावी के उपराष्ट्रपति साउलोस चिलिमा की प्लेन क्रैश में मौत

अंतरराष्ट्रीय

पूर्वी अफ्रीका के देश मलावी के उपराष्ट्रपति साउलोस चिलिमा की विमान दुर्घटना में मौत हो गई है। सोमवार की सुबह उनको लेकर जा रहा मलावी रक्षा बल के विमान का संपर्क टूट गया था। इसके बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। सर्च ऑपरेशन के बाद साउलोस की मौत हो जाने की बात सामने आई। मलावी के राष्ट्रपति लाजारस चकवेरा ने बताया कि 24 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद उपराष्ट्रपति के विमान का मलबा बरामद हुआ है। विमान में उपराष्ट्रपति के अलावा 9 और लोग सवार थे, सभी की हादसे में जान चली गई। चिलिमा को 2022 में भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार भी किया गया था। उन पर सरकारी अनुबंध देने के बदले में पैसे लेने का आरोप लगा था, जिसमें वह बरी हो गए थे। उनके केस से छूट जाने के बाद राष्ट्रपति चुनाव लड़ने का भी रास्ता साफ हो गया था।

सोमवार को ये जानकारी सामने आई थी कि मलावी के उपराष्ट्रपति साउलोस चिलिमा और नौ अन्य लोगों को ले जा रहा विमान लापता हो गया है। मलावी रक्षा बल का विमान सोमवार सुबह राजधानी लिलोंग्वे से रवाना होने के बाद रडार से गायब हो गया। विमान से संपर्क न होने के बाद राष्ट्रपति ने खोज और बचाव अभियान का आदेश दिया। विमान को स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे के बाद देश के उत्तर में स्थित मजूजू अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरना था। घटना की जानकारी के बाद मलावी के राष्ट्रपति लाजरस चकवेरा ने बहामास की अपनी यात्रा रद्द कर दी थी। राष्ट्रपति कार्यालय ने सोमवार को कहा था कि पूरी स्थिति साफ होने के बाद ही घटनाक्रम के बारे में जनता को जानकारी दी जाएगी। इसके बाद विमान को खोजने के प्रयास शुरू किए गए। करीब 24 घंटे बाद विमान का मलबा मिला और चिलिमा की मौत की पुष्टि की गई।