छत्तीसगढ़ पहुंचे खड़गे सीएम ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत, बलौदाबाजार में कृषक सह श्रमिक सम्मलेन में होंगे शामिल

क्षेत्रीय

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ​मल्लिकार्जुन खड़गे छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत किया। भूपेश बघेल के साथ हेलीकॉप्टर के जरिए वे बलौदाबाजार पहुंचे, जहां सुमाभाटा में कृषक सह श्रमिक सम्मेलन में शा​मिल हुए हैं। खड़गे का यह 21 दिन में दूसरा और अध्यक्ष बनने के बाद चौथा दौरा है।

खड़गे थोड़ी देर में यहां मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना का शुभारंभ करने के साथ ही 266 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। इसके अलावा राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के हितग्राहियों के खाते में राशि ट्रांसफर करेंगे।

मल्लिकार्जुन खड़गे के पहुंचने पर गज माला से उनका स्वागत किया गया। मंच पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सैलजा, भूपेश बघेल, मंत्री कवासी लखमा, पीसीसी चीफ दीपक बैज के साथ कांग्रेस के कई नेता मौजूद हैं।

हर संभाग को साधने की तैयारी

खड़गे का दौरा संभागवार सीटों को साधने के लिए हो रहा है। उनकी पहली सभा जांजगीर में हुई। बिलासपुर संभाग में 20 सीटें (सारंगढ़-बिलाईगढ़ को जोड़कर) हैं। उनमें जांजगीर भी है। इसके बाद राजनांदगांव में हुई, जो कि दुर्ग संभाग में आता है और पूर्व सीएम रमन सिंह का क्षेत्र है। इस संभाग में 20 सीटें हैं। अब रायपुर संभाग के बलौदाबाजार में गुरुवार को सभा है। इसमें भी 20 विधानसभा सीटें हैं।