‘कम बोलो, काम ज्यादा करो’, इमरान मसूद को मल्लिकार्जुन खड़गे की दो टूक नसीहत

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सांसद इमरान मसूद को कम बोलने की सख्त नसीहत दी है. उन्होंने कहा कि वह इमरान मसूद को अक्सर टीवी पर सुनते हैं, जहां वह बड़े जोश के साथ अपनी बात रखते हैं. लेकिन हमें सिर्फ बातें करने के बजाय काम पर ध्यान देना चाहिए. अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि जितना ज्यादा हम मिलकर काम करेंगे, उतनी ही आगे बढ़ेंगे.

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने इमरान मसूद की तारीफ करते हुए कहा कि वह संसद में पार्टी के लिए लगातार लड़ते हैं और कांग्रेस का पक्ष मजबूती से रखने की कोशिश करते हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी को एकजुट होकर काम करना चाहिए.

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और समाजवादी पार्टी के बीच तनातनी तेज है. सहारनपुर से सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने सपा के एकतरफा फैसलों पर नाराजगी जताते हुए गठबंधन की गंभीरता पर सवाल उठाए हैं.

सपा की पहली उम्मीदवार सूची में बेहट और सहारनपुर ग्रामीण सीटों पर बिना सहमति प्रत्याशी घोषित किए जाने से मसूद नाराज हैं. उन्होंने इसे गठबंधन धर्म के खिलाफ बताते हुए कहा कि ऐसे कदमों से बीजेपी को फायदा पहुंचता है.