पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हरियाणा-महाराष्ट्र और उपचुनावों में INDIA ब्लॉक के खराब प्रदर्शन को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा की ‘मैंने INDIA गठबंधन बनाया। इसका नेतृत्व करने वाले इसे ठीक से नहीं चला सकते, तो मुझे मौका दें। मैं बंगाल से ही गठबंधन का नेतृत्व करने के लिए तैयार हूं।’ ममता बनर्जी के बयान का शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत और समाजवादी पार्टी (SP) ने समर्थन किया है। राउत ने शनिवार को कहा, ‘हम भी चाहते हैं कि वे विपक्षी INDIA गठबंधन की प्रमुख भागीदार बनें। चाहे वह ममता बनर्जी हों, अरविंद केजरीवाल हों या शिवसेना, हम सभी एक साथ हैं। हम जल्द ही कोलकाता में ममता बनर्जी से बात करने जाएंगे।’ वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता उदयवीर सिंह ने भी ममता बनर्जी के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने शनिवार को कहा, ‘लोकसभा चुनाव में सपा और TMC ने मिलकर पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में भाजपा को रोका। इससे भाजपा की सीटें कम हुईं। अगर I.N.D.I.A के सभी दलों के बीच आम सहमति है, तो समाजवादी पार्टी को कोई आपत्ति नहीं होगी, और हम इसका पूरा समर्थन करेंगे।’
भाजपा ने INDIA गठबंधन में नेतृत्व को लेकर ममता के बयान पर कहा- विपक्ष के नेताओं को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व पर भरोसा नहीं है। वे अब भी राहुल को राजनीति का कच्चा खिलाड़ी समझते हैं। विपक्ष में कई लोग हैं जो राहुल को राजनीतिक विफलता मानते हैं। ममता से पार्टी में उनके उत्तराधिकारी के बारे में पूछा गया। इसके जवाब में उन्होंने कहा- TMC एक अनुशासित पार्टी है। यहां कोई भी नेता अपनी शर्तें तय नहीं कर सकता। पार्टी तय करेगी कि लोगों के लिए क्या सबसे अच्छा है। हमारे पास विधायक, सांसद, बूथ कार्यकर्ता हैं, जो तय करेंगे कि मेरे बाद पार्टी कौन संभालेगा।
ममता बनर्जी के करीबी नेताओं और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के करीबी नेताओं के बीच मतभेद की स्थिति TMC में लंबे समय से देखने को मिली है। इसे लेकर ममता ने कहा- पार्टी के लिए हर कोई महत्वपूर्ण है। आज का नया चेहरा कल का अनुभवी होगा।