इस शख्स के आगे फेल है फाइटर जेट की आवाज! चीखकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

क्या आपने कभी सोचा है कि किसी इंसान की आवाज इतनी तेज हो सकती है कि वह फाइटर जेट की आवाज को भी पीछे छोड़ दे? ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा के रहने वाले जोसेफ मैकग्राएल-बेटेअप ने कुछ ऐसा ही कारनामा कर दिखाया है, जिन्होंने अपनी भयंकर चीख से खुद का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज करा लिया है. आमतौर पर लोग अपनी पहचान अपने काम से बनाते हैं, लेकिन जोसेफ अपनी कड़क और गूंजती हुई आवाज के लिए पूरी दुनिया में सुर्खियां बटोर रहे हैं. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के मुताबिक, जोसेफ ने 122.4 डेसिबल (dB) की तीव्रता से चिल्लाकर पिछला सारा रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया. उनकी यह चीख किसी रॉक कॉन्सर्ट के शोर या टेक ऑफ करते हुए फाइटर जेट की आवाज के बराबर है.

जोसेफ का यह रिकॉर्ड उनके प्रोफेशन के लिहाज से बिल्कुल सटीक बैठता है. वे कैनबरा और क्वीन्बीयन के आधिकारिक टाउन क्रायर हैं, और ‘लॉर्ड जोसेफ’ के नाम से मशहूर हैं. उनका काम ही सार्वजनिक कार्यक्रमों, कार शोज और भारी भीड़ के बीच अपनी आवाज बुलंद करना है. उन्होंने कहा, शुरुआती दिनों में मैं प्रतियोगिताओं में बस जगह बना पाता था, लेकिन 2024 में मैंने 98 डेसिबल की आवाज के साथ पहला स्थान हासिल किया. इसके बाद मैंने कुछ बड़ा करने की सोची.

टाउन क्राइंग प्रतियोगिताओं की शुरुआत पारंपरिक रूप से ‘ओयेज, ओयेज’ (Oyez, Oyez) कहकर होती है, लेकिन वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए जोसेफ को कुछ अलग करना था. उन्होंने अपनी बेटी के साथ मिलकर महीनों तक रिसर्च की कि किस शब्द को बोलने पर डेसिबल मीटर सबसे ऊपर जाता है. पहले उन्होंने ‘Quiet’ शब्द चुना, लेकिन बात नहीं बनी. आखिर में उन्होंने ‘Now’ शब्द को चुना, जिसने उन्हें विश्व रिकॉर्ड दिला दिया.

जोसेफ के लिए गिनीज बुक में नाम दर्ज कराना कोई नई बात नहीं है. वे 2019 में तीरंदाजी में भी एक रिकॉर्ड बना चुके हैं. उन्होंने 18 मीटर की दूरी से 40 सेंटीमीटर के टारगेट पर महज 1 मिनट 0.03 सेकंड में 10 तीर दागने का सबसे तेज रिकॉर्ड बनाया था आज दुनिया के सबसे लाउड व्यक्ति बन चुके जोसेफ बचपन में बिल्कुल इसके उलट थे. उन्होंने बताया कि वे बचपन में बहुत शर्मीले थे और बहुत धीमे बोलते थे. स्कूल के बाद जब उन्होंने थिएटर जॉइन किया, तो बिना माइक के अपनी आवाज को दूर तक पहुंचाने की ट्रेनिंग ली. इसी प्रैक्टिस ने उनकी आवाज को बेहद दमदार बना दिया. आज वे कार शोज में गरजती हुई स्पोर्ट्स कारों से भी ज्यादा तेज आवाज में चिल्ला लेते हैं. हालांकि, कई बार इससे उनका गला भी बैठ जाता है.