हैदराबाद में लिफ्ट और दीवार के बीच फंसा शख्स, दो फ्लोर के बीच लटका, पैर फ्रैक्चर

तेलंगाना के हैदराबाद के मूसेपेट में एक शख्स लिफ्ट से बाहर निकलते समय हादसे का शिकार हो गया। लिफ्ट अचानक ऊपर चली गई, जिससे उसका पैर ग्रिल में फंस गया और वह सेकेंड और थर्ड फ्लोर के बीच लटक गया। रेस्क्यू टीम ने करीब 90 मिनट की मशक्कत के बाद शख्स को बाहर निकाला। उसे बचाने के लिए लिफ्ट की दीवार का हिस्सा तोड़ना पड़ा और हाइड्रोलिक कटर की मदद ली गई। हादसे में उसका पैर फ्रैक्चर हो गया।

पिछले 5 महीनों में हैदराबाद में लिफ्ट हादसे का यह तीसरा मामला बै। इससे पहले जून में उप्पल स्काईवॉक की लिफ्ट में एक युवक करीब 2 घंटे फंसा रहा था। वहीं मई में गच्चीबौली इलाके में 5 साल की बच्ची की ग्रिल वाली लिफ्ट में फंसने से मौत हो गई थी।

मूसेपेट के अंजनैया नगर में 40 साल का मुरली अपनी पत्नी के साथ ग्राउंड फ्लोर से सेकेंड फ्लोर पर पहुंचा था। बाहर निकलते समय किसी ने थर्ड फ्लोर का बटन दबा दिया। सेंसर में खराबी के कारण लिफ्ट कुछ ही सेकंड में ऊपर चली गई।

उस समय मुरली का एक पैर लिफ्ट के अंदर और दूसरा सेकेंड फ्लोर की लैंडिंग पर था। लिफ्ट ऊपर जाने से उसका पैर ग्रिल में फंस गया। पत्नी के शोर मचाने पर अपार्टमेंट के लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद HYDRAA यानी हैदराबाद डिजास्टर रिस्पॉन्स एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी के कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।

कुकटपल्ली में तैनात HYDRAA की DRF टीम मौके पर पहुंची। मुरली को निकालने के लिए टीम ने लिफ्ट की दीवार का ऊपरी हिस्सा तोड़ा।

इसके बाद सैनथनगर फायर स्टाफ ने हाइड्रोलिक कटर की मदद से रेस्क्यू पूरा किया। लिफ्ट और दीवार के बीच दबने से वह गंभीर रूप से घायल हुए हैं।