मणिपुर CM बोले- राज्य को तत्काल शांति की जरूरत, कुकी-मैतेई आपसी समझ बनाएं

राष्ट्रीय

मणिपुर के सीएम बिरेन सिंह ने कहा, ‘मणिपुर को तत्काल शांति की जरूरत है। दोनों समुदायों (कुकी-मैतेई) आपसी समझ बनाएं। बीजेपी ही मणिपुर को बचा सकती है, क्योंकि वो ‘एक साथ रहने’ के विचार में विश्वास करती है।’ उन्होंने कहा- आज मणिपुर में जो कुछ हो रहा है उसके कई कारण हैं। आज जो लोग राज्य को बांटने की कोशिश कर रहे हैं, वे पूछ रहे हैं कि सरकार क्या कर रही है। लोग सत्ता के भूखे हैं। सीएम ने कहा कि हम किसी खास समुदाय के खिलाफ नहीं हैं। भाजपा का रुख स्पष्ट है। हमने पुलिस और लोगों के बीच संबंध बनाने शुरू कर दिए हैं। सीएम बिरेन सिंह बुधवार को बीजेपी मुख्यालय पहुंचे थे। आज यहां सुशासन दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया था। सिंह ने कहा कि लोगों और अधिकारियों को करीब लाने के उद्देश्य से मीयामगी नुमित (पीपुल्स डे) जैसी कई पहल की गई हैं। सीएम ने कहा- हमने कभी कोई गलत काम नहीं किया। हम केवल आने वाली पीढ़ियों को बचाना चाहते हैं। दोनों समुदायों को शांत रहने की जरूरत है। अतीत को देखने के बजाय हमें NRC प्रक्रिया पर ध्यान देने की जरूरत है। हम लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपना काम जारी रखेंगे।