मणिपुर में पुलिस स्टेशन पर हमला करने की मंशा से आए 11 कुकी आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। असम राइफल्स और CRPF के जवानों ने यह कार्रवाई की है। इस मुठभेड़ में सेना का भी एक जवान घायल हो गया है। गौरतलब है कि मणिपुर में शांति लाने के लिए सुरक्षाबलों की भारी मात्रा में तैनाती की गई है। इससे पहले भी आतंकियों ने कई बार पुलिस स्टेशन पर हमला किया है। पुलिस स्टेशन पर हमला करके वहां मौजूद सभी हथियारों को लूटने का प्रयास पहले भी मणिपुर के अलग-अलग हिस्सों में हो चुकी है। हालांकि, पहले से मणिपुर में काफी शांति आई है।
इंफाल पूर्व जिले में सोमवार सुबह उग्रवादियों ने पास की पहाड़ियों से गोलीबारी की, जिसमें खेत में काम कर रहा एक किसान घायल हो गया। जातीय संघर्ष से प्रभावित मणिपुर की इंफाल घाटी में खेतों में काम कर रहे किसानों पर पहाड़ी इलाकों के उग्रवादियों ने लगातार तीसरे दिन हमला किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलों के कारण घाटी के बाहरी इलाकों में रहने वाले कई किसान खेतों में जाने से डर रहे हैं और इससे धान की फसल की कटाई प्रभावित हो रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी की घटना सुबह करीब 9:20बजे हुई। समीपवर्ती कांगपोकपी जिले के पहाड़ी इलाकों से उग्रवादियों ने इंफाल पूर्व जिले के याइंगंगपोकपी शांतिखोंगबन क्षेत्र में धान के खेतों में काम कर रहे किसानों पर गोलीबारी की, जिसमें एक किसान के हाथों में छर्रे लग गए।