कर्नाटक के बेलगावी में शुरू होनेवाले कांग्रेस अधिवेशन से पहले ही बीजेपी को आज एक बना बनाया मुद्दा मिल गया। बेलगावी कांग्रेस अधिवेशन के लिए शहर में जो पोस्टर लगाए गए हैं उसमें भारत का नक्शा बना हुआ है, लेकिन नक्शे में कश्मीर का हिस्सा गायब है। बेलगावी में इस तरह के पोस्टर देख बीजेपी ने इसे मुद्दा बना लिया है। इस पोस्टर में बने भारत के नक्शे में कश्मीर को शामिल नहीं किया गया है। कांग्रेस की ओर से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक प्रिंटिंग प्रेस वाले की गलती से शहर के एक इलाके में ऐसे पोस्टर लगाए गए थे, लेकिन गलती का एहसास होते ही इन पोस्टर्स को तत्काल हटा दिया गया। बीजेपी ने सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत के नक्शे के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं है। इससे कांग्रेस का राष्ट्र विरोधी चेहरा सामने आया है। कांग्रेस भारत को तोड़ने का सपना देख रही है।
दिल्ली : भाजपा सांसद @SudhanshuTrived ने कहा, “…आज हमारा देश वीर बल दिवस मना रहा है…लेकिन इस समय एक और तस्वीर सामने आई है जो दिल को दुखाती है। भाजपा कर्नाटक ने एक ट्वीट किया है जिसमें देखा जा सकता है कि बेलगावी में कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने जो भारतीय… pic.twitter.com/64n2AtqSUu
— The News (@The_newsin) December 26, 2024
कर्नाटक का सीमावर्ती शहर बेलगावी अगले दो दिनों तक महात्मा गांधी की अध्यक्षता में यहां हुए एकमात्र कांग्रेस अधिवेशन की यादों को ताजा करेगा। कांग्रेस का ऐतिहासिक अधिवेशन 26 और 27 दिसंबर, 1924 को किया गया था और इसे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में एक महत्वपूर्ण क्षण के रूप में याद किया जाता है। अधिवेशन के दौरान गांधीजी ने चरखे पर सूत कातने की अपील की और असहयोग का आह्वान किया, जो स्वतंत्रता-पूर्व भारत में एक बड़ा आंदोलन बन गया। उस ऐतिहासिक अधिवेशन के मुख्य आयोजक गंगाधर राव देशपांडे थे, जिन्हें कर्नाटक का खादी भगीरथ कहा जाता था। वे बेलगावी में स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत थे। बेलगावी को उस समय बेलगाम के नाम से जाना जाता था। देशपांडे ने बेलगाम कांग्रेस अधिवेशन की मेजबानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिसकी अध्यक्षता गांधी ने की थी।