जापान की मारिया को भाया बिहार का छोरा! मधेपुरा आकर सास-ससुर के छुए पैर
प्रेम की कोई सरहद नहीं होती, इस बात को बिहार के मधेपुरा के राहुल कुमार और जापान की मारिया ने सच साबित कर दिया है। मधेपुरा जिले के पुरैनी प्रखंड स्थित रौता गांव के रहने वाले राहुल आईआईटी इंजीनियर हैं, साल 2020 से टोक्यो में ‘होंडा’ कंपनी में सीनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं उनकी मुलाकात एक मल्टीनेशनल कंपनी में ग्लोबल सेल्स मैनेजर मारिया से हुई। करीब दो साल तक चले प्रेम प्रसंग के बाद दोनों ने परिवारों की सहमति से नवंबर में जापान में विवाह किया और अब राहुल अपनी जापानी दुल्हनिया को लेकर पैतृक गांव पहुंचे हैं। राहुल और मारिया की पहली मुलाकात टोक्यो में एक बिजनेस पार्टी के दौरान हुई थी। शुरुआत दोस्ती से हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दिलचस्प बात ये है कि इस शादी के लिए बाकायदा बिहारी अंदाज में कार्ड छपवाया गया, जिसमें मारिया के पिता अतुशी ओहासी और माता कनाको का नाम भी दर्ज था। टोक्यो में पहले जापानी परंपरा और फिर बिहारी रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की रस्में पूरी की गईं। मधेपुरा के रौता गांव में आयोजित रिसेप्शन ने इस मिलन को और भी खास बना दिया।
#बिहार मधेपुरा के रौता गांव में अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। #IIT इंजीनियर राहुल कुमार जापान की मारिया (मरीना) को अपनी दुल्हन बनाकर गांव लाए हैं। टोक्यो में जापानी और बिहारी रीति-रिवाजों से शादी करने के बाद, विदेशी बहू ने गांव में बुजुर्गों के पैर छूकर सबका दिल जीत लिया। pic.twitter.com/JK4LH5s2I4
— NBT Bihar (@NBTBihar) December 19, 2025
जापानी बहुरिया मारिया अपने ससुराल रौता गांव पहुंचीं, तो उन्हें देखने के लिए आसपास के कई गांवों की भीड़ उमड़ पड़ी। पारंपरिक भारतीय साड़ी में सजी मारिया ने घर के बड़े-बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। हालांकि मारिया को हिंदी नहीं आती, लेकिन उन्होंने हाथ जोड़कर ‘नमस्ते इंडिया’, ‘हेलो जी’ और ‘आई लव इंडिया’ कहकर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया। विदेशी बहू के इस सहज और संस्कारी व्यवहार ने मधेपुरा के ग्रामीणों को अपना मुरीद बना लिया।
राहुल के पिता सुदिष्ट यादव के घर पर आयोजित प्रीतिभोज (रिसेप्शन) में उत्सव जैसा माहौल रहा। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई विदेशी मेम को बिहारी बहू के रूप में देखने के लिए उत्सुक था। युवाओं में मारिया के साथ सेल्फी लेने की जबरदस्त होड़ मची रही। राहुल और मारिया की जोड़ी को देखेने के लिए लोग काफी उत्सुक दिखे।
