समुद्री जीव ने तोड़े विज्ञान के नियम, 30,000 फीट गहराई में मिला रहस्यमयी जीव

समुद्र की गहराई हमेशा से रहस्यों का पिटारा रही है, लेकिन इस बार जो सामने आया है, उसे देख कर बड़े बड़े जानकारों के होश फाख्ता हो गए हैं. जापान के पास रयुक्यू ट्रेंच की उस अंधेरी दुनिया में, जहां सूरज की किरणें भी जाने की हिम्मत नहीं करतीं, एक ऐसा जीव मिला है, जो कांच की तरह आर-पार दिखता है. करीब 29,977 फीट नीचे कैमरे में कैद हुए इस ‘मिस्टीरियस’ मेहमान ने वैज्ञानिकों की नींद उड़ा दी है. यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के प्रोफेसर जेमिसन और उनकी टीम जब फिलीपीन सागर के पास रिसर्च कर रही थी, तब हाई-डेफिनिशन कैमरों ने इस अजूबे को पकड़ा. यकीन मानिए, उस गहराई पर पानी का दबाव जमीन के मुकाबले 1000 गुना ज्यादा होता है, यानी अगर आप और हम वहां जाएं, तो पलक झपकते ही पापड़ बन जाएं. मगर ये सफेद रंग का पारदर्शी जीव वहां ऐसे घूम रहा था, मानो अपने घर के गार्डन में टहल रहा हो.

हैरत की बात ये है कि इस जीव की बनावट आज तक देखी गई…किसी भी मछली या कीड़े से मेल नहीं खाती, फिलहाल इसे ‘एनिमेलिया इन्सर्टा सेडिस’ कहा जा रहा है, जिसका सीधा मतलब है कि वैज्ञानिकों को पल्ले ही नहीं पड़ रहा कि इसे किस खानदान में रखें. देखने में ये समुद्री स्लग जैसा है, पर इसके बदन पर बने वो अजीब से उभार इसे सबसे जुदा और थोड़ा डरावना भी बनाते हैं.

समुद्र के इस पाताल लोक में खाना बेहद कम है और अंधेरा बेहिसाब, फिर भी वहां जीवन की ऐसी वैरायटी मिलना किसी अजूबे से कम नहीं. जापान ट्रेंच से लेकर इजु-ओगासावारा तक फैले इस इलाके में रिसर्च अभी जारी है. ये खोज बताती है कि इस नीले समंदर के सीने में अभी न जाने कितने और राज दफन हैं, जिनसे पर्दा उठना बाकी है.