बस्तर के बालेंगा गांव में शहीद रंजीत का आज अंतिम-संस्कार, पूरे सैन्य सम्मान के साथ दी जाएगी विदाई
मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में हुए आतंकी हमले में बस्तर का लाल शहीद हो गया। बालेंगा गांव में आज पूरे सम्मान के साथ शहीद रंजीत कुमार कश्यप का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले रविवार को शहीद का पार्थिव शरीर प्लेन से रायपुर लाया गया था। घटना 19 सितंबर 2025 को बिष्णुपुर जिले के नाम्बोल घाट में हुई.राइफलमैन कश्यप और उनके साथियों ने इम्फाल घाटी में बाढ़ राहत अभियान पूरा करने के बाद लौटते समय अचानक घातक हमले का सामना किया. अज्ञात उग्रवादियों ने उनके काफिले पर हमला कर दिया, जिसमें दो जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद रणजीत सिंह कश्यप ने साहस और निस्वार्थता की सर्वोच्च परंपरा का निर्वहन करते हुए देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान हमेशा स्मरणीय रहेगा. उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि राज्य सरकार इस कठिन घड़ी में उनके साथ खड़ी है. मुख्यमंत्री ने वीर जवानों के त्याग और बलिदान को देश की रक्षा और एकता के मार्ग पर सभी नागरिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया.
