मरवाही में 62 हाथियों के चलते 9 स्कूल बंद, बच्चों की सुरक्षा के लिए 5 नवंबर को छुट्टी

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में हाथियों की दस्तक से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। क्षेत्र में 62 हाथियों की मौजूदगी से सीमावर्ती गांवों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि हाथियों का यह दल नाका, मटियाडांड, रूमगा और दानीकुंडी क्षेत्र में लगातार विचरण कर रहा है और खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी का असर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भी देखने को मिल रहा है।

शिक्षा विभाग ने कल 5 नवंबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित की है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विभाग ने यह फैसला लिया है। हाथियों के आक्रामक रुख के चलते जिले के 9 स्कूल बंद रहेंगे। DEO के निर्देश पर BEO ने आदेश जारी कर दिया है। बीती रात दल ने मटियाडांड, कोचनारपारा और बहरीझोरकी क्षेत्र में उत्पात मचाया। हाथियों ने कई एकड़ खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाया और कुछ ग्रामीणों के घरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

वन विभाग का अमला प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बनाए हुए है। वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे जंगलों और हाथियों के मूवमेंट वाले इलाकों में सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं। मरवाही वनमंडल में एक सोशल मीडिया वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति नाका के जंगल के पास हाथियों को उकसाता दिख रहा है।

वन विभाग उस व्यक्ति की पहचान कराने का प्रयास कर रहा है ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।