मथुरा : शादी समारोह में दो पक्षों के बीच मारपीट ,जमकर चलीं कुर्सियां, वीडियो वायरल

यूपी के मथुरा जिले में एक शादी समारोह के दौरान हंगामा हो गया। यहां देखते ही देखते शादी समारोह जंग के मैदान में तब्दील हो गया। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। पूरी घटना थाना कोतवाली क्षेत्र के बीएसए रोड की बताई जा रही है, जहां एक विवाह समारोह के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान कुर्सियां चलने और फायरिंग होने की भी चर्चा सामने आ रही है। लड़की के पिता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार मथुरा जंक्शन के पास गोपाल नगर निवासी प्रमोद कुमार की पुत्री का विवाह समारोह चल रहा था। कार्यक्रम में रिश्तेदार और बाराती मौजूद थे। इसी दौरान करीब 20 से 25 लोग अचानक मौके पर पहुंच गए और किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झगड़े के दौरान लोगों ने एक-दूसरे पर लात-घूसे बरसाए और कुर्सियां भी चला दीं, जिससे समारोह में अफरा-तफरी मच गई। हंगामे के दौरान कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है। वहीं घटना के बीच फायरिंग होने की भी बात कही जा रही है, जिससे शादी में शामिल लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे।

बताया जा रहा है कि इस विवाद में बारातियों और स्थानीय पूर्व पार्षद तिलक वीर चौधरी के बीच भी कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं लड़की के पिता प्रमोद कुमार ने बताया कि शादी का कार्यक्रम चल रहा था, तभी कुछ लोग आकर विवाद करने लगे और मारपीट शुरू कर दी, जिससे समारोह में हंगामा मच गया।