मथुरा : ई-रिक्शा में सांप, ड्राइवर को डसा तो जैकेट में भरकर अस्पताल पहुंचा

मथुरा: कृष्ण की नगरी में अजीबोगरीब घटना सामने आई है. एक ग्रामीण को सांप ने काट लिया जिसके बाद वह सांप को जैकेट में रखकर जिला अस्पताल पहुंच गया. डॉक्टर के सामने टेबल पर रख दिया जिससे वह डर गए और हॉस्पिटल में हड़कंप मच गया. डॉक्टर ने ग्रामीण को बाहर निकाल दिया और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने वन विभाग को जानकारी दी. इसके बाद सांप को लेकर जंगल में छुड़वा दिया गया. जनपद के यमुनापार थाना क्षेत्र लक्ष्मी नगर के रहने वाले दीपक कुमार ई रिक्शा चलाते हैं. सोमवार शाम अचानक रिक्शा चलाते समय एक सांप उनके ई रिक्शा में बैठ गया और दीपक के हाथ में सांप ने डस लिया. तभी ई-रिक्शा चालक दीपक कुमार सांप को अपनी जैकेट में डालकर जिला अस्पताल पहुंच गया. डॉक्टर की टेबल पर सांप रख दिया जिससे वह हक्के-बक्के रह गए और उन्होंने दीपक से बाहर निकलने को बोला दिया. उसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने ई-रिक्शा चालक से सांप को बोतल में डालने को कहा और वन विभाग को सूचना दे दी. वहीं ई-रिक्शा चालक को डॉक्टर ने उपचार शुरू कर दिया.

चालक ने बताया कि मैं कल ई रिक्शा के लिए बैटरी लेने के लिए गया था, तभी मेरे रिक्शे पर एक सांप आकर बैठ गया. मैंने उसको भगाने का प्रयास किया लेकिन उसने मेरे हाथ पर डंस लिया और फिर मैंने अपनी जैकेट में सांप को डाल लिया. उसके बाद जिला अस्पताल आया और डॉक्टर से बोला मुझे सांप ने काट लिया है तब डॉक्टर ने पूछा कहां है सांप? तब मैंने जैकेट से निकलकर सांप दिखाया. इलाज शुरू हो गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *