महाराष्ट्र: एकनाथ शिंदे पड़े बीमार, महायुति नेताओं की बैठक कल के लिए स्थगित

राष्ट्रीय

महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे फिर से बीमार पड़ गए हैं। शिंदे की तबीयत बिगड़ने के बाद महायुति के नेताओं की तमाम बैठकें कल तक के लिए स्थगित कर दी गई हैं। शिंदे रविवार को सतारा से लौटकर पहले ठाणे पहुंचे थे। इसके बाद वह शाम को मुंबई आए थे। सीएम शिंदे को जुखाम के साथ बुखार होने पर डॉक्टरों ने आराम की सलाह दी थी। शिंदे के ताजा हेल्थ अपडेट में उनकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है। उनके गले में संक्रमण बताया जा रहा है। महाराष्ट्र में महायुति की नई सरकार का शपथ ग्रहण पांच दिसंबर को होना है। मुख्यमंत्री के पद से सीएम एकनाथ शिंदे इस्तीफा दे चुके हैं। वह राज्य के कार्यवाहक मुख्यमंत्री के तौर काम कर रहे हैं। इससे पहले शिंदे जब दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर लौटे थे। उसके बाद वह अस्वस्थ हो गए थे। इसके बाद सीएम शिंदे अपने गृह जनपद सतारा चले गए थे। दो दिन तक सतारा रुकने के बाद सीएम शिंदे रविवार की शाम मुंबई लौटे थे।