नवी मुंबई में बनेगा 1 लाख क्षमता वाला मेगा क्रिकेट स्टेडियम, भारत को मिलेगा दूसरा सबसे बड़ा मैदान

भारत में क्रिकेट का जुनून लगातार नए आयाम छू रहा है और इसी बीच अब एक और ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है. देश के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बाद अब नवी मुंबई में भी एक भव्य स्टेडियम के निर्माण की योजना बनाई गई है, जिसकी क्षमता करीब एक लाख दर्शकों की होगी. इस परियोजना को लेकर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के अध्यक्ष अजिंक्य नायक और सिडको के प्रबंध निदेशक विजय सिंघल के बीच महत्वपूर्ण चर्चा हुई. इस बैठक में नए स्टेडियम के निर्माण को लेकर सहमति बनी. यह प्रस्ताव महाराष्ट्र में खेल की संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

नवी मुंबई में बनने वाला यह आधुनिक स्टेडियम मौजूदा वानखेड़े स्टेडियम के मुकाबले कहीं अधिक क्षमता वाला होगा. वानखेड़े में जहां लगभग 33 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है, वहीं नया स्टेडियम इससे तीन गुना अधिक दर्शकों को समाहित कर सकेगा.

निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह स्टेडियम देश का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट मैदान बन जाएगा. वर्तमान में कोलकाता का ईडन गार्डन्स लगभग 68 हजार दर्शकों की क्षमता के साथ दूसरे स्थान पर है, लेकिन नया स्टेडियम इस आंकड़े को पीछे छोड़ देगा.

मुंबई पहले से ही वानखेड़े, ब्रेबोर्न और डीवाई पाटिल जैसे प्रतिष्ठित मैदानों का शहर रहा है. अब इस नए स्टेडियम के जुड़ने से शहर की पहचान और भी मजबूत होगी. उम्मीद है कि यहां भविष्य में अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों के साथ-साथ बड़े टूर्नामेंट्स का आयोजन भी किया जाएगा. फिलहाल, दुनिया में केवल कुछ ही ऐसे क्रिकेट स्टेडियम हैं, जहां एक लाख से ज्यादा दर्शक एक साथ बैठ सकते हैं. अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम इस सूची में शीर्ष पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया का मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड भी इस श्रेणी में शामिल है. नवी मुंबई का यह प्रस्तावित स्टेडियम तैयार होने के बाद इसी खास सूची में अपना स्थान बना सकता है.