मेलानिया ट्रम्प की डॉक्यूमेंट्री ब्रिटेन में फ्लॉप, लंदन प्रीमियर में सिर्फ 1 टिकट बिका

मेलानिया ट्रम्प पर बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘मेलानिया’ ब्रिटेन में फ्लॉप हो गई है। देश के सबसे बड़े सिनेमा संचालकों में से एक व्यू सिनेमा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टिम रिचर्ड्स ने बताया कि फिल्म को लेकर दर्शकों में लगभग कोई दिलचस्पी नहीं दिख रही है। टिम के मुताबिक, लंदन के इस्लिंगटन इलाके में स्थित एक प्रमुख सिनेमाघर में शुक्रवार को दोपहर 3:10 बजे होने वाले पहले शो के लिए सिर्फ एक टिकट बिका। वहीं शाम 6 बजे के शो के लिए भी महज दो टिकट ही बुक हुए। ब्रिटेन के ब्लैकबर्न, कैसलफोर्ड और हैमिल्टन में जिन सिनेमाघरों में फिल्म मेलानिया दिखाई जानी थी, वहां हालात और भी खराब रहे। इन तीनों जगहों पर फिल्म की कुल 28 स्क्रीनिंग रखी गई थीं, लेकिन एक भी शो के लिए टिकट नहीं बिका।

अमेजन स्टूडियोज ने इस फिल्म के राइट्स 40 मिलियन डॉलर यानी लगभग 340 करोड़ रुपये में खरीदे थे, इसके अलावा कंपनी ने वैश्विक मार्केटिंग पर 35 मिलियन डॉलर (321 करोड़ रुपये) खर्च किए हैं।

इस डॉक्यूमेंट्री में राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद डोनाल्ड ट्रम्प और मेलानिया ट्रम्प की व्हाइट हाउस में वापसी की कहानी है। फिल्म में शपथ ग्रहण से पहले के 20 दिनों की झलक दिखाई गई है। अमेजन ने डॉक्यूमेंट्री को ब्रिटेन के 100 से अधिक सिनेमाघरों में रिलीज किया।

निर्माताओं को इसके हिट होने की उम्मीद थी, फिल्म 30 जनवरी को थिएटर्स में आएगी। यह अमेरिका में करीब 1,400-2,000 थिएटर्स और दुनियाभर में 27 देशों में 5,000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज होगी।

मेलानिया ने न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में कहा, – यह फिल्म अमेरिका के लिए एक अहम दौर को दिखाती है। पहली बार लोग शपथ ग्रहण से पहले के 20 दिन एक आने वाली प्रथम महिला की नजर से देख पाएंगे।
उन्होंने बताया कि उन्हें इस डॉक्यूमेंट्री का विचार 2024 का चुनाव जीतने के बाद आया। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनके जीवन को करीब से समझने का मौका देगी।

डॉक्यूमेंट्री में मेलानिया ट्रम्प के निजी और सार्वजनिक जीवन को दिखाया गया है। इसमें बिजनेसवुमन, पत्नी और मां की भूमिका निभाने के साथ-साथ परिवार को दोबारा व्हाइट हाउस शिफ्ट कराने की जिम्मेदारी भी दिखाई गई है। करीब दो घंटे की इस फिल्म के ट्रेलर में मेलानिया कहती हैं, “हर कोई जानना चाहता है, तो ये रहा।”

एक सीन में शपथ ग्रहण के दिन मेलानिया कैपिटल बिल्डिंग में खड़ी नजर आती हैं और कैमरे की ओर देखते हुए कहती हैं, “हम फिर से यहां हैं।” जनवरी 2025 के एक सर्वे के मुताबिक, करीब 40% अमेरिकी लोगों की उनके बारे में कोई राय नहीं थी। हालांकि रिपब्लिकन समर्थकों में उनकी लोकप्रियता ज्यादा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *