मेसी की फुटबॉल वर्ल्डकप में पहली हैट्रिक, टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल दागने के रिकॉर्ड की बराबरी की
अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने बुधवार को फुटबॉल वर्ल्ड कप की पहली हैट्रिक लगा दी है। यह वर्ल्ड कप में मेसी की पहली हैट्रिक भी है। मेसी की यह हैट्रिक खास मौके पर आई है। उन्होंने 2006 में 17 जून को ही फीफा वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच खेला था। 38 साल के मेसी ने अल्जीरिया के खिलाफ 17वें, 60वें और 76वें मिनट में गोल दागे। वे 78 मिनट के बाद मैदान से बाहर चले गए। मेसी के इस दमदार प्रदर्शन से अर्जेंटीना ने ग्रुप-जे के मुकाबले में अल्जीरिया को 3-0 से हराया। मेसी अब तक 11 इंटरनेशनल हैट्रिक लगा चुके हैं। मैच अमेरिकी शहर कैनसस सिटी के एरोहेड स्टेडियम में खेला गया।
इस जीत से अर्जेंटीना ग्रुप-जे के पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर आ गई है। अर्जेंटीना अब 22 जून को ऑस्ट्रिया से भिड़ेगा। अल्जीरिया की टीम अपने अगले मैच में जॉर्डन से भिड़ेगी।
मैच में खास
मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा 16 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। यह रिकॉर्ड जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज के नाम था।
मेसी 5 अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल करने वाले दुनिया के दूसरे फुटबॉलर बने हैं। पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी यह कारनामा कर चुके हैं।
मेसी ने अल्जीरिया के खिलाफ शुरुआती मिनटों में गोल कर मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 की बढ़त दिलाई। यह मुकाबला मेसी के इंटरनेशनल करियर का 200वां मैच भी था।
उनका इंटरनेशनल करियर 2005 में 18 वर्ष की उम्र में शुरू हुआ था। उनसे ज्यादा मैच केवल पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और कुवैत के बदर अल-मुतावा ने खेले हैं। अर्जेंटीना-अल्जीरिया मुकाबले की शुरुआत तेज रही। मेसी और अल्जीरिया के फारिस शाइबी, दोनों के गोल ऑफसाइड के कारण रद्द कर दिए गए। इसके बाद मेसी ने 30 गज दूर से गेंद हासिल की, डिफेंडर को छकाया और शानदार कर्लिंग शॉट लगाकर अर्जेंटीना को बढ़त दिला दी।
पहले हाफ में अल्जीरिया ने अर्जेंटीना को ज्यादा मौके नहीं दिए। हालांकि, एलेक्सिस मैक एलिस्टर का एक हेडर क्रॉसबार के ऊपर चला गया। दूसरी ओर अल्जीरिया के अनिस हद्ज मौसा ने भी मौका बनाया, लेकिन गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने आसानी से उसे रोक लिया।
