गले में 8 साल तक फंसी रही मेटल की 12 सेमी चॉपस्टिक
चीन से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स के गले में धातु की चॉपस्टिक 8 साल तक फंसी रही. यह घटना सुनकर लोग हैरान हैं कि आखिर कोई इतने लंबे समय तक ऐसी स्थिति में कैसे रह सकता है. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, वांग नाम के एक शख्स ने करीब 8 साल पहले शराब पीते समय गलती से चॉपस्टिक निगल ली थी. उस समय उन्हें हल्का दर्द महसूस हुआ, लेकिन सांस लेने में कोई दिक्कत नहीं हुई. डॉक्टरों ने तब सर्जरी की सलाह दी थी, जिसमें गर्दन को काटकर चॉपस्टिक निकालनी पड़ती. लेकिन, वांग ने इस सर्जरी से मना कर दिया और उसी हालत में रहना जारी रखा.
आने वाले सालों में वांग को कभी-कभी गले में असहजता महसूस होती थी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार, वह दर्द को सहते रहे और इलाज के लिए वापस नहीं आए. हाल ही में जब उन्हें हर सुबह तेज दर्द होने लगा और खाना-पीना निगलने में दिक्कत होने लगी, तब उन्होंने अस्पताल जाने का फैसला किया. वे डालियान नगर केंद्रीय अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर उनकी हालत जानकर हैरान रह गए.
जांच में पता चला कि 12 सेंटीमीटर लंबी धातु की चॉपस्टिक गले के सॉफ्ट पैलेट हिस्से में फंसी हुई थी. अच्छी बात यह रही कि आसपास के अंगों को कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ था और उनकी आवाज भी सामान्य थी. वांग ने फिर से गर्दन काटने वाली सर्जरी से इनकार कर दिया, जिसके बाद डॉक्टरों ने मुंह के जरिए एक मिनिमली इनवेसिव प्रक्रिया अपनाई. यह ऑपरेशन सफल रहा और बहुत कम ब्लीडिंग के साथ चॉपस्टिक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
