थाली नहीं, कागज के टुकड़ों पर बच्चों को परोसा गया मिड डे मील..Video हेडमास्टर सस्पेंड

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के विजयपुर ब्लॉक के हुल्लपुर प्राथमिक विद्यालय से इंसानियत को झकझोर देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं. यहां सरकारी स्कूल के मासूम बच्चों को थाली की जगह कागज के टुकड़ों पर मिड डे मील परोसा गया. बच्चे जमीन पर बैठकर खाना खाते नजर आए. इस अमानवीय व्यवहार का वीडियो गांववालों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया. वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की लापरवाही उजागर हो गई. बच्चों को स्व-सहायता समूह द्वारा भोजन परोसा जाना था, लेकिन समूह के लोगों ने भोजन को थाली के बजाय कागज पर परोस दिया. घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया. मामला मीडिया और सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की.

वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी एम.एल. गर्ग ने इस मामले को गंभीर मानते हुए स्कूल के प्रभारी हेड मास्टर भोगीराम धाकड़ को निलंबित कर दिया. वहीं बीआरसीसी और जन शिक्षक को नोटिस जारी किया गया है. संबंधित स्व-सहायता समूह का अनुबंध रद्द कर दिया गया और समूह को विद्यालय सेवा से हटा दिया गया. बच्चों के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार शिक्षा विभाग की घोर लापरवाही और संवेदनहीनता को उजागर करता है. प्रशासन ने घटना की जांच तेज कर दी है. अधिकारियों ने कहा है कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी.