पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने रविवार सुबह कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया। इसके बाद वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हो गए। दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट से पूर्व सांसद मिलिंद दोपहर में मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास वर्षा में एक कार्यक्रम के दौरान सत्तारूढ़ दल में शामिल हुए। इससे पहले उन्होंने‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कांग्रेस से अपने इस्तीफे की घोषणा की थी।
मिलिंद देवड़ा ने लिखा कि ‘आज वह अपनी राजनीतिक यात्रा के अहम अध्याय का अंत कर रहे हैं। मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है, साथ ही कांग्रेस पार्टी से अपने परिवार के 55 साल पुराने रिश्ते का भी अंत कर रहा हूं। मैं सभी नेताओं, सहयोगियों और पार्टी कार्यकर्ताओं का उनके इतने सालों के समर्थन के लिए शुक्रगुजार हूं।’
शिवसेना में शामिल होने के बाद मिलिंद देवड़ा ने कहा कि ये मेरे लिए बेहद भावुक दिन है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं कांग्रेस छोड़ दूंगा। आज मैं शिव सेना में शामिल हो गया। मुझे सुबह से बहुत सारे फोन आ रहे हैं कि मैंने कांग्रेस पार्टी से अपने परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता क्यों तोड़ा? मैं सबसे चुनौतीपूर्ण दशक के दौरान पार्टी के प्रति वफादार रहा। यदि कांग्रेस और यूबीटी ने रचनात्मक, सकारात्मक सुझावों और योग्यता, क्षमता को महत्व दिया होता, तो आज एकनाथ शिंदे और मैं यहां नहीं होते। एकनाथ शिंदे को एक बड़ा फैसला लेना पड़ा, मुझे एक बड़ा निर्णय लेना पड़ा।
#WATCH मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में मिलिंद देवड़ा शिवसेना में शामिल हुए। pic.twitter.com/Rb4BG07EaU
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 14, 2024