नाबालिग ने थप्पड़ का बदला लेने सुपरवाइजर को मार डाला, सोते वक्त सिर पर मारा हथौड़ा
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रेलवे ठेकेदार के सुपरवाइजर की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बारिश का पानी छिटकने और पिटाई का बदला लेने के लिए 16 साल के नाबालिग ने हथौड़े से सिर पर वार कर सुपरवाइजर की हत्या कर दी।
दरअसल, घटनास्थल पर लगे CCTV फुटेज में एक संदिग्ध नजर आया था। इसके आधार पर पुलिस ने जांच तेज की और संदिग्ध तक पहुंची। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर नाबालिग ने हत्या की वजह बताते हुए जुर्म स्वीकार किया। घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है।
दरअसल, मूल रूप से बिहार के आरा निवासी नरेश गुप्ता (35) रेलवे ठेकेदार अनिल सिंह की कंस्ट्रक्शन साइट पर सुपरवाइजर था। रोज की तरह बुधवार रात काम खत्म होने के बाद नरेश ने साइट के गेट पर ताला लगाया और अपने क्वार्टर में सोने चला गया।
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे साइट पर काम करने वाले कर्मचारी पहुंचे। उन्होंने गेट खोलने के लिए नरेश को आवाज लगाई और फोन भी किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कर्मचारी गेट कूदकर अंदर पहुंचे। कमरे के पास जमीन पर नरेश की खून से लथपथ लाश पड़ी मिली।
कर्मचारियों ने फौरन ठेकेदार और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल की जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी सुराग जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिम्स भेज दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक नाबालिग हथौड़ा लेकर भागता हुआ दिखाई दिया। जांच करने पर उसकी पहचान बापू नगर निवासी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने सुपरवाइजर की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
16 साल के नाबालिग ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि मंगलवार रात तेज बारिश हो रही थी। वह साइकिल से घर जा रहा था। सड़क किनारे खड़े सुपरवाइजर के ऊपर साइकिल से बारिश का पानी छिटक गया।
इस पर सुपरवाइजर उसके पीछे गया और रास्ते में रोककर उसे तीन थप्पड़ मारे। थप्पड़ मारने की बात से नाबालिग खुद को अपमानित महसूस करने लगा। इसके बाद उसने सुपरवाइजर से बदला लेने की योजना बनाई और उसकी हत्या कर दी।
सुपरवाइजर से हुए अपमान का बदला लेने के लिए नाबालिग बुधवार रात कंस्ट्रक्शन साइट पर पहुंचा। सामने भीड़ और रास्ते बंद होने के कारण वह साइट के पीछे की तरफ गया। वहां से रात करीब 11.40 बजे उसने कंस्ट्रक्शन साइट में छलांग लगाकर घुसा।
साइट के अंदर पहुंचने के बाद उसने हथौड़ा और अन्य भारी सामान तलाशा। इसके बाद वह सुपरवाइजर नरेश गुप्ता के कमरे के पास पहुंचा। नरेश के सोने के बाद नाबालिग ने उस पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
जुर्म स्वीकार करने के बाद पुलिस ने नाबालिग आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, थप्पड़ मारे जाने का बदला लेने के लिए नाबालिग ने वारदात को अंजाम दिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
