शादी समारोह में गई थी नाबालिग, अगवा कर किया दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार

शहडोल: मध्य प्रदेश में लगातार महिला अपराध के मामले सामने आ रहे हैं. कहीं दुष्कर्म तो कहीं छेड़छाड़ की घटनाएं सुनने मिलती रहती है. इसी तरह एक बार फिर से शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. शहडोल में एक नाबालिग लड़की को अपहरण कर दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप में तीन लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है, आगे की जांच जारी है.

घटना शहडोल के सोहागपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. जहां एक नाबालिग लड़की जिसकी उम्र 14 साल बताई जा रही है, वो अपने किसी रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में शामिल होने के लिए आई थी. ऐसा आरोप है कि वहीं से तीन आरोपियों ने उसे जबरन स्कूटी में बिठाया और सुनसान जगह ले गए. फिर उसके साथ एक आरोपी ने दुष्कर्म किया है, जबकि दो आरोपी उसके सहयोग में शामिल थे. बताया जा रहा की घटना के दौरान नाबालिग ने विरोध भी किया, लेकिन आरोपियों ने उसे धमकाते हुए वहां से जाने नहीं दिया.

मौका पाते ही पीड़िता आरोपियों के चंगुल से भाग खड़ी हुई. अपने भाई को फोन किया और पूरी जानकारी दी, भाई तुरंत ही अपने बहन के बताए हुए जगह पर पहुंचा. जब मौके पर पहुंचा, तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे. इसके बाद पीड़िता अपने घर आई और भाई व परिवार को इस घटना की पूरी जानकारी दी. इस पूरे घटना के बाद परिवार वाले पीड़िता को पुलिस के पास लेकर पहुंचे और इसकी शिकायत पुलिस के पास की. पुलिस ने शिकायत मिलते ही नामजद तीन आरोपियों पर मामला भी दर्ज किया है.

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सोहागपुर थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि “घटना की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की गई है. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में महिला उप निरीक्षक जांच कर रही है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.”

एडिशनल एसपी ने बताया है की “एक बालिका अपने पिता के साथ सोहागपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अपनी मौसी के साथ शादी समारोह में गई थी और वहीं से अपनी मौसी और सहेली के साथ वापस लौट रही थी. तभी रास्ते में उसकी मौसी और उसके साथ में एक सहेली को प्यास लगी तो पानी पीने के लिए चले गए थे, तभी एक लड़का और अपने दो साथियों के साथ आया और उसे जबरदस्ती स्कूटी में बिठाकर ले गया.

कुछ दूरी पर ले जाकर के इच्छा विरुद्ध उसके साथ बलात्कार किया, आरोपी और उसके साथियों के विरुद्ध बलात्कार संबंधित धारा में अपराध पंजीबद्ध किया गया है. आरोपी और उसके दो साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.”