‘तुम्हारे भगवान शिव और विष्णु से कुछ नहीं होगा’, ये चमत्कारी पानी सब ठीक कर देगा, चंगाई सभा में धर्मांतरण की कोशिश
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में धर्मांतरण का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के उदयबंद गांव के एक घर में चंगाई सभा का आयोजन किया गया था। इस दौरान वहां पहुंचे युवाओं और महिलाओं को चमत्कारी पानी पिलाकर बीमारी ठीक होने का दावा किया जा रहा था। इस दौरान हिन्दू देवी देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की गई।
चंगाई सभा की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठन के लोग घर पहुंचे और विरोध करने लगे। संगठन ने आरोप लगाया कि इस सभा में आसपास के लोगों को इलाज के नाम पर बुलाया गया था। वहां लोगों को चमत्कारी पानी पिलाकर बीमारियों के ठीक होने की बात कही जा रही थी। साथ ही ईसा मसीह और बाइबल से जुड़ी किताबें भी बांटी जा रही थीं और ईसाई धर्म का प्रचार किया जा रहा था।
चंगाई सभा में पहुंचे लोगों ने बताया कि हिंदू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। पास्टर ने लोगों से यह कहा कि तुम्हारे शिव, विष्णु और ब्रह्मा कुछ नहीं कर सकते। ईसा का दिया हुआ ये दो घूंट पानी पीने से सभी बीमारियां ठीक हो सकती हैं।
हिंदू संगठन ने इसकी शिकायत थाने में की। पुलिस ने केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उसमें एक पास्टर भी शामिल है।
मामले की जानकारी देते हुए सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने बताया कि गुरुवार को एक घर में चंगाई सभा का आयोजन किया गया था। पास्टर रथराम महिलांगे के द्वारा ईसाई धर्म से बारे में जानकारी दी जा रही थी। इस दौरान हिन्दू देवी-देवताओं पर टिप्पणी की गई है। इस मामले में पास्टर और मकान मालिक को गिरफ्तार किया गया है।
