इराक में अमेरिकी दूतावास पर मिसाइल अटैक, सऊदी में भी 5 US विमान तबाह होने की खबर
इराक की राजधानी बगदाद में मौजूद अमेरिकी दूतावास पर मिसाइल हमला हुआ है। इराकी अधिकारियों के मुताबिक दूतावास परिसर के अंदर बने हेलिपैड पर एक मिसाइल आकर गिरी। इससे पहले सऊदी अरब के एक एयरबेस पर खड़े अमेरिकी एयर फोर्स के 5 विमान तबाह होने की खबर भी सामने आई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इन विमानों को ईरान के हमले में नुकसान पहुंचा, हालांकि हमला कब हुआ यह नहीं बताया गया। इस मामले पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने अभी कोई बयान नहीं दिया है। कल इराक में अमेरिकी वायुसेना का बोइंग केसी-135 रिफ्यूलिंग विमान भी क्रैश हो गया था। इस हादसे में विमान में सवार सभी 6 क्रू मेंबर्स की मौत हो गई। ईरान जंग में अब तक 11 अमेरिकी सैनिकों की जान जा चुकी है।
इजराइल की सेना ने ईरान के तबरीज शहर के पास एक इंडस्ट्रियल कॉम्लेक्स खाली करने की चेतावनी दी है। सेना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर वहां के लोगों से तुरंत जगह छोड़ने को कहा है। सेना का कहना है कि अगले कुछ घंटों में इस इलाके में हमला हो सकता है, इसलिए लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए वहां से निकल जाना चाहिए।
इजराइली सेना ने यह भी कहा कि अगर लोग वहां रुके रहे तो उनकी जान को खतरा हो सकता है। इसके साथ पोस्ट में उस इलाके का नक्शा भी शेयर किया गया है, जहां हमला हो सकता है।
