16 साल बाद साधु बनकर लौटा लापता ‘बेटा’, मां-बाप ने खुशी में लुटा दी जमा पूंजी, सुबह आंख खुली तो पीट लिया माथा
बिहार के बांका जिले से ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। जिस बेटे को परिवार 16 साल पहले खो चुका था, वही अचानक साधु के वेश में घर लौट आया। बेटे को सामने देखकर माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। रातभर घर में जश्न जैसा माहौल रहा, लेकिन अगली सुबह जब परिवार की नींद खुली तो खुशियां मातम में बदल चुकी थीं। मामला पंजवारा थाना क्षेत्र की डहुआ पंचायत के हेचला गांव का है। पीड़ित परिवार के अनुसार उनका बेटा सिकंदर अंसारी कई साल पहले दिल्ली में लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिवार ने उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन शनिवार को अचानक दो युवक साधु के भेष में गांव पहुंचे। दोनों युवक सारंगी बजाते हुए गांव में घूम रहे थे। इनमें से एक युवक ने खुद को सिकंदर अंसारी बताते हुए दावा किया कि वह 16 साल बाद घर लौटा है। बेटे को सामने देखकर माता-पिता भावुक हो गए और बिना ज्यादा जांच-पड़ताल किए उसे अपना लिया। हालांकि गांव के कुछ लोगों ने युवक पर शक जताया, लेकिन माता-पिता ममता में सबकुछ भूल बैठे।
परिवार में खुशी का माहौल बन गया। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को बेटे के लौटने की खबर दी गई। इसी दौरान युवक ने परिवार को बताया कि वह किसी गुरु के बंधन में है और उससे मुक्त होने के लिए बड़ी रकम देनी होगी। बेटे की बातों पर भरोसा करते हुए परिवार ने करीब एक लाख 40 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके अलावा करीब 60 हजार रुपये नकद भी दे दिए गए।
रविवार सुबह जब परिवार की नींद खुली तो दोनों युवक घर से गायब थे। इतना ही नहीं, घर के बाहर खड़ी बाइक भी चोरी हो चुकी थी। तब परिवार को एहसास हुआ कि उनके साथ बड़ी ठगी हो गई है। जिस घर में रातभर बेटे के लौटने की खुशी थी, वहां सुबह सन्नाटा पसरा हुआ था। इतना ही नहीं, दोनों युवक सिकंदर अंसारी के ससुराल भी पहुंचे थे। वहां युवक ने सिकंदर की पत्नी रोशनी खातून से मुलाकात की कोशिश की, लेकिन रोशनी ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया। शक गहराने पर दोनों वहां से भी फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित ठगी का लग रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में चर्चा का माहौल है और लोग इस अनोखी ठगी को लेकर हैरान हैं।
