मोनालिसा की बढ़ी मुश्किल, मां-बाप ने कराई लव जिहाद की शिकायत, फंसेगा फरमान?
महाकुंभ 2025 में माला बेचकर फेमस हुई मोनालिसा इन दिनों फिर सुर्खियों में हैं. वजह है 16 साल की मोनालिसा की फरमान खान नाम के शख्स से शादी. मोनालिसा का परिवार इस शादी से टूट गया है. साथ ही उन्हें पिक्चर में काम देने वाले डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने इसे लव जिहाद का मामला बता दिया है. अब मोनालिसा के माता-पिता ने फरमान के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है.
डायरेक्टर सनोज मिश्रा, मोनालिसा के परिवार को न्याय दिलाने की जद्दोजहद में लगे हुए हैं. अब उन्होंने महाकुंभ गर्ल के पेरेंट्स के साथ मिलकर उनकी बेटी के साथ हुए लव जिहाद के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है. सनोज ने पुलिस अफसर और माता-पिता की फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘आज मंडलेश्वर की डीएसपी सुश्री श्वेता शुक्ला से मिलकर मोनालिसा के साथ हुए लव जिहाद की शिकायत मोनालिसा के माता-पिता से दर्ज कराई.’
महाकुंभ 2025 से वायरल हुईं मोनालिसा ने 11 मार्च को केरल के रहने वाले मुस्लिम शख्स फरमान खान से शादी कर ली थी. उन्होंने पहले रजिस्टर मैरिज की और फिर मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों से शादी रचाई. ये ब्याह केरल के तिरुवनंतपुरम के पास पूवर इलाके में अरुमानूर श्री नैनार देवा मंदिर में हुआ था. मोनालिसा की शादी की खबर सामने आते ही हर तरफ हलचल मच गई. परिवार ने उनकी शादी को मानने से इनकार कर दिया. मोनालिसा के परिवार का कहना है कि उनकी बेटी को एक्टिंग के बहाने से बहलाया-फुसलाया गया है.
मोनालिसा, मध्य प्रदेश के खरगोन जिले स्थित पर्यटन नगर महेश्वर की रहने वाली हैं. डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने उन्हें अपनी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ में काम दिया था. अब उनकी शादी के बाद सनोज का कहना है कि उनकी फिल्म को रोकने के लिए साजिश हो रही है. पिछले साल मोनालिसा की उम्र 16 साल थी, जिसे बदलकर 18 कर दिया गया और उसकी शादी करवा दी. उन्होंने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार भी लगाई थी.
मोनालिसा की मां का बुरा हाल है. वो अपनी बेटी को लेकर बेहद परेशान हैं. एक वायरल वीडियो में वो मीडिया से गुहार लगाते हुए कर रही हैं, ‘उसे लेकर आ जाओ, वरना मैं कुछ खाकर मर जाऊंगी. मुझे मेरे बाबू की बहुत याद आ रही है. कुछ भी सुनवाई नहीं कर रहे हैं. पिता का कहना है बेटी का फोन नहीं लग रहा है. वो किसी से बात नहीं कर रही है. मोनालिसा की छोटी बहन का कहना है जबसे मोनालिसा की शादी हुई है उनकी बात नहीं हुई है. परिवार को दर्द देकर गायब हुई मोनालिसा को पब्लिक ट्रोल कर रही हैं.’
