बागपत में मीटिंग के बीच लंगूर की एंट्री, डीएम मैडम का रिएक्शन जीत ले गया दिल….Video

उत्तर प्रदेश के बागपत से एक बेहद मजेदार और दिलचस्प वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो एक किसान बैठक का है, जहां सब कुछ ठीक ही चल रहा था, लेकिन अचानक इस मीटिंग में एक ऐसा मेहमान आ गया, जिसने पूरे माहौल को बदल कर रख दिया। दरअसल, जिले में किसान दिवस के मौके पर एक बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में अधिकारी, किसान और कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे। माहौल गंभीर था और सभी लोग अपनी-अपनी बात रख रहे थे। तभी अचानक एक “मटरू” नाम का लंगूर वहां आ धमका। मटरू बिना किसी डर के सीधे कुर्सियों के बीच से होता हुआ टेबल तक पहुंच गया और आराम से वहां पर बैठ गया। उसे देख ऐसा लग रहा था जैसे वह भी इस मीटिंग का हिस्सा हो और सबकी बातें ध्यान से सुन रहा हो।

वीडियो (Video) में आप देख सकते हैं कि लंगूर मीटिंग में टेबल पर चलते हुए डीएम साहिबा के पास पहुंचता है। इस बीच लंगूर को अचानक सामने देखकर कुछ लोग घबरा गए, लेकिन वहीं कई लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए। पूरा माहौल एकदम हल्का और मजेदार हो गया। वहां मौजूद लोगों ने इस अनोखे पल को अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इस दौरान जिले की डीएम अस्मिता लाल का रिएक्शन सबसे ज्यादा चर्चा में है। उन्होंने बिना घबराए बहुत ही शांत तरीके से स्थिति को संभाला। उन्होंने अपनी कुर्सी छोड़ दी और लंगूर को बैठने का इशारा किया। इतना ही नहीं, उन्होंने उसे प्यार से कहा, “बैठो इधर बैठो।” डीएम के इस व्यवहार से वहां मौजूद लोग भी निश्चिंत हो गए और बैठक आराम से चलती रही।

बताया जा रहा है कि “मटरू” डीएम मैडम का पालतू जानवर जैसा ही है और अक्सर वह ऑफिस कैंपस में घूमता रहता है। डीएम अस्मिता लाल एक एनिमल लवर हैं, इसलिए जानवरों के प्रति उनका यह प्यार साफ दिखाई देता है।

जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर आया, लोग इसे खूब पसंद करने लगे। कुछ लोग इसे बेहद मजेदार बता रहे हैं तो कुछ डीएम मैडम की तारीफ कर है।