22 राज्यों तक पहुंचे मानसून की रफ्तार धीमी पड़ी, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
मानसून ने 24 जून तक देश के 22 राज्यों को कवर कर लिया है, लेकिन बीते 5 दिन से इसकी रफ्तार धीमी पड़ी है। यह मध्य प्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में आगे नहीं बढ़ पा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून 5 जुलाई तक बाकी राज्यों को कवर कर सकता है। 6 राज्यों मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश जारी है। विभाग ने असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल के निचले इलाकों और सिक्किम में आज तेज बारिश और कुछ जगहों के लिए बहुत तेज बारिश की चेतावनी जारी की है।
मध्य प्रदेश में रविवार को बड़वानी के सेंधवा में उफनाए पुल पार करते समय एक ट्रैक्टर और उसका ड्राइवर बह गया। ड्राइवर अभी भी लापता है। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में रविवार को बारिश से कच्चे मकान की एक दीवार ढह गई, हादसे में 2 बच्चियों की मौत हो गई। सुकमा के गांव में बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, 4 अन्य घायल हैं।
