अरब सागर में 8, तेलंगाना में 6-दिन से अटका मानसून, MP में 5 दिन बाद एंट्री संभव
देश के 9 राज्यों में प्री-मानसून एक्टिव है, लेकिन कई हिस्सों में गर्मी पड़ रही है। मानसून तेलंगाना के भद्राचलम में 6 दिन से अटका है। जब तक यह आगे नहीं बढ़ेगा, तब तक मध्य प्रदेश में इस तरफ से दस्तक नहीं देगा। दूसरी तरफ मानसून अरब सागर से आगे नहीं बढ़ा। यहां 8 जून से अटका है। वर्ल्ड मेट्रोलॉजी ऑर्गनाइजेशन की हाइड्रो मेट्री टीम के मेंबर डॉ. पंकज कुमार के मुताबिक मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री 5 दिन में या उसके बाद ही हो सकती है। मौसम मॉडल संकेत दे रहे हैं कि इस हफ्ते के अंत तक बारिश की गतिविधियों में सुधार संभव है। जेट स्ट्रीम का मौजूदा पैटर्न कमजोर होने पर मानसूनी हवाएं तेज होंगी। अगले 4-5 दिनों में मानसून के महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने की परिस्थितियां बन सकती हैं।
जेट स्ट्रीम वायुमंडल की ऊपरी परतों में बहने वाली अत्यंत तेज हवाएं हैं। ये आमतौर पर पृथ्वी की सतह से करीब 8 से 15 किलोमीटर की ऊंचाई होती है। ये मानसून और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस यानी पश्चिमी विक्षोभ को प्रभावित करती हैं।
देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। 15 जून की सैटेलाइट तस्वीरों में देश के बड़े हिस्से से मानसूनी बादल गायब दिखाई दिए। मौसम विभाग के मुताबिक, 4 जून से 15 जून के बीच देश में सामान्य 53.7 मिमी के मुकाबले सिर्फ 19.2 मिमी बारिश हुई। यानी बारिश में 64% की कमी दर्ज की गई है। मानसून के कमजोर होने की वजह समुद्र में नमी की कमी नहीं, बल्कि ऊपरी वायुमंडल की हवाओं का असामान्य पैटर्न है। इस बार पश्चिमी जेट स्ट्रीम सामान्य से ज्यादा दक्षिण की ओर खिसक गई है, जिससे मानसून को आगे बढ़ाने वाली हवाएं प्रभावित हो रही हैं।
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में पर्याप्त नमी के बावजूद बादल नहीं बन पा रहे हैं। इससे मानसून के आगे बढ़ने पर फिलहाल ब्रेक लग सकती है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में इसके आगे बढ़ने की संभावना है।
राजस्थान, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई शहरों में सोमवार को तापमान 40°C से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा 43.4°C उत्तर प्रदेश के बांदा में दर्ज किया गया। वहीं एमपी के खजुराहो 42.6°C, छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 42°C, ओडिशा के बौध में 42.5°C, महाराष्ट्र के वर्धा में 41.5°C, बिहार के शेखपुरा में 41.5°C, राजस्थान के फलोदी में 42.8°C दर्ज किया गया।
