60Km रफ्तार से चलेगी हवा, 3-4 दिनों में पहुंचेगा मानसून, आज से बढ़ेगी आंधी-बारिश की एक्टिविटी

छत्तीसगढ़ में प्रचंड गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री अब बहुत करीब है. 12 जून तक मानसून प्रदेश में दस्तक दे सकता है. बुधवार को दुर्ग सहित कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जबकि आज 11 जून से पूरे प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार मानसून सामान्य समय पर ही पहुंच रहा है. बस्तर संभाग के रास्ते प्रवेश करने के बाद यह कांकेर, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर होते हुए सरगुजा-जशपुर तक फैलेगा. आने वाले 3-4 दिनों में पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय हो जाएगा. इससे तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आएगी और उमस भरी गर्मी से निजात मिलेगी. लोगों को चिपचिपी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जगी है.

मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में मानसून की सामान्य एंट्री तिथि 12 से 15 जून के बीच होती है. इस साल भी समय पर आने का अनुमान है. विशेषज्ञ डॉ. गायत्री वाणी ने बताया कि मानसून प्रदेश के पास तक पहुंच गया है. इसके अगले एक-दो दिनों में कुछ हिस्सों में मानसून पहुंच सकता है. पिछले साल यह 28 मई को आया था, लेकिन इस बार सामान्य गति रहेगी.

11 जून से पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है. मौसम विभाग का कहना है कि अगर कोई बड़ी हलचल नहीं हुई तो मानसून एक-दो दिन में ही आधिकारिक तौर पर प्रदेश में प्रवेश कर जाएगा. फिलहाल 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रहीं हैं. रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कांकेर और बस्तर संभाग में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है. यही दौर अगले एक-दो‍ दिनों तक बने रहने की संभावना है.

वर्तमान में रायपुर-दुर्ग क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री के आसपास है. मानसून एंट्री के 3 दिन बाद तापमान में 2-3 डिग्री की कमी आएगी. इससे उमस कम होगी और मौसम सुहाना हो जाएगा. पिछले साल मानसून 28 मई को आया था, लेकिन सुकमा में कुछ दिन अटका रहा. इस बार अनुकूल परिस्थितियां हैं और तेज गति से आगे बढ़ रहा है.

मौसम विभाग के अनुसार गरज-चमक के दौरान खुले में न रहें. तेज हवाओं से सतर्क रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. किसान भाई फसलों की सुरक्षा का ध्यान रखें. ड्राइविंग करते समय सावधानी बरतें. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अलर्ट जारी किया है. मानसून की एंट्री के साथ ही कृषि कार्यों में तेजी आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी.