मुरादाबाद में ऑनर किलिंग: मुस्लिम प्रेमी संग लापता हुई बहन, फिर मिली दोनों की लाश, भाइयों पर हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में प्रेमी युगल का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. दो अलग-अलग समुदाय से ताल्लुक रखने वाले युवक-युवती की लाशें एक साथ मिलने के बाद गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया. मामला थाना पाकबड़ा क्षेत्र के गांव उमरी सब्जीपुर का है. जानकारी के अनुसार, गांव उमरी सब्जीपुर निवासी काजल और अरमान तीन दिन पहले एक साथ घर से लापता हो गए थे. दोनों के परिजन उनकी तलाश कर रहे थे और इसी दौरान एक ही दिन दोनों परिवारों ने थाना पाकबड़ा पहुंचकर गुमशुदगी की तहरीर दी थी. गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की. इसी बीच गांव से थोड़ी दूरी पर स्थित नीम करोली मंदिर के पीछे जंगल में दोनों के शव बरामद हुए. प्रेमी युगल के शव एक साथ मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. हालात की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिविल लाइन के साथ-साथ पीएसी बल को भी तैनात किया गया. पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

ग्रामीणों के अनुसार, मृतका काजल पढ़ाई कर रही थी, जबकि अरमान भी गांव का ही रहने वाला था. ग्राम प्रधान ने बताया कि अरमान और काजल एक-दूसरे से प्रेम करते थे. आज ही परिजनों द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी, जिसके कुछ ही घंटों बाद दोनों के शव जंगल से बरामद कर लिए गए. उन्होंने आशंका जताई कि दोनों की हत्या की गई है. एसएसपी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना पाकबड़ा क्षेत्र के गांव उमरीकला से एक युवक की गुमशुदगी की शिकायत प्राप्त हुई थी. इसके बाद आज सुबह एक युवती की गुमशुदगी की सूचना भी मिली. मालूम हुआ कि दोनों एक-दूसरे से परिचित थे. प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि युवती के भाइयों द्वारा दोनों की हत्या की गई है.

एसएसपी के अनुसार, युवती के तीन भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनमें से दो को हिरासत में ले लिया गया है. मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शवों को बरामद किया गया और पैनल व वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed