दूसरी शादी में बाधा बना 11 महीने का बच्चा, मां ने फर्श पर पटक-पटक कर मार डाला
पुणे के शिरूर से एक 11 महीने के बच्चे की हत्या की खबर आई है.बता दें कि ये मडर किसी बाहरी ने नहीं बल्की खुद मासूम की मां ने ही की है.बताया जा रहा है महिला ने दूसरी शादी करने की चाह में अपने बच्चे को सीमेंट की फर्श पर पटकर बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी महिला ने मासूम को एक बैग में भरकर खेत के पास एक कुंए में फेंक दिया.इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है. आगे की जांच जारी है.
यह खौफनाक वारदात शिरूर तालुका के भांबर्डे गांव की है.आरोपी महिला का नाम पूजा रविंद्र पवार है.वहीं मृतक बच्चे का नाम यश था. आरोपी महिला ने पहले तो अपने ही बेटे की बेरहमी से हत्या की और बाद में नाटक करने लगी की बच्चा मिल नहीं रहा है.बाद में बच्चे का शव कुंए में मिला.घटना के बाद महिला के पति रविंद्र अशोक पवार ने रांजनगांव एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में अपने 11 महीने के बेटे ‘यश’ की मौत और उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी.
शुरुआती जांच में पुलिस को परिवार के ही किसी सदस्य पर शक हुआ. हालांकि कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला.पुलिस को बच्चे की मां पूजा की भी हरकतें अजीब लगीं थीं,इसी शक के चलते उन्होंने बच्चे की मां पूजा रविंद्र पवार से कड़ाई से पूछताछ की.शुरूआत में तो उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की,लेकिन ज्यादा देर तक वह अपना झूठ नहीं छिपा सकी और आखिरकार उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया.
पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने जो खुलासा किया उसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई. पूजा ने बताया कि कुछ समय पहले वह कोंकण से वापस लौटी थी, जिसके बाद से उसका बेटा यश लगातार रो रहा था. पूजा के मन में काफी समय से अपने पति को छोड़कर किसी और से दूसरी शादी करने का विचार चल रहा था. उसे लगा कि अगर 11 महीने का बच्चा उसके साथ रहेगा, तो उसकी दूसरी शादी में दिक्कत आएगी और कोई उसे स्वीकार नहीं करेगा. इसी सनक में उसने अपने ही बेटे को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया.
पूजा ने पुलिस को बताया कि उसने घर के सामने बने सीमेंट के चबूतरे यानी फर्श पर बेटे को जोर से पटक दिया. जिसके सिर पर गहरी चोट लगने के कारण मासूम यश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के लिए पूजा ने बेहद शातिर तरीका अपनाया. उसने बच्चे के शव को एक काले रंग के बैग में भरा और वह बैग पानी में न तैरे, इसलिए उसमें दो भारी पत्थर भी डाल दिए. इसके बाद उसने बैग को पास के ही एक कुएं में फेंक दिया ताकि किसी को कानो-कान खबर न हो. शिकायत मिलने के बाद रांजनगांव एमआईडीसी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की. पूजा की निशानदेही पर पुलिस ने कुएं से वह काला बैग बरामद कर लिया है जिसमें मासूम यश का शव मिला. फिलहान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी मां पूजा पवार को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल था.
