उत्तराखंड के पौड़ी में पूरा पहाड़ टूटा, हिमाचल के मंडी में बादल फटा, घर-गाड़ियां बहीं

देश के ज्यादातर राज्यों में मानसून की बारिश हो रही है। खासतौर पर पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 दिन से तेज बारिश हो रही है। हिमाचल के मंडी में 4 जगहों पर बादल फटे। कुकलाह में पुल के साथ कई गाड़ियां बह गईं। इधर, उत्तराखंड में कई जगहों पर लैंडस्लाइड हुई हैं। पहाड़ों का मलबा सड़कों पर आ गया है।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई जिलों में स्कूल बंद हैं। बागेश्वर जिले में सरयू नदी उफान पर है। उत्तरकाशी के सिलाई बैंड के पास बादल फटने की घटना में लापता लोगों के लिए रेस्क्यू अभियान तीसरे दिन भी जारी है।
पूरे हिमाचल प्रदेश में 48 घंटों से बारिश जारी है। हिमाचल के मंडी में सोमवार सुबह 4 जगहों पर बादल फटे। कुकलाह में पुल के साथ कई गाड़ियां तक बह गईं। घरों की जगह सिर्फ मलबा दिख रहा है। मंडी शहर में नाले उफान पर हैं। अब तक 3 लोगों की मौत हो गई है, 10 से ज्यादा लापता हैं। इधर मनाली-मंडी फोरलेन हाईवे पर बने टनल के ऊपर ही लैंडस्लाइड के बाद पहाड़ी का मलबा गिरा। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल में आज बारिश का रेड अलर्ट है।