MP : जबलपुर में टेंट कारोबारी के घर पर बमबाजी, हमले में कारोबारी की बेटी गंभीर
जबलपुर: घमापुर थाना अंतर्गत चुंगी चौकी इलाके में रविवार देर रात बम के धमाकों से दहल उठा. पुरानी रंजिश के चलते देर रात एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर पत्थरबाजी और बमबाजी कर दी. बमबाजी की इस घटना में टेंट कारोबारी की बेटी बुरी तरह घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बमबाजी के दौरान लोग अपने घर में छुपे नजर आए. पीड़ित परिवार ने इलाके के पार्षद और उसके छोटे भाई पर वारदात को अंजाम देने के आरोप लगाए हैं.
अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. कुछ दिन पहले भी असामाजिक तत्वों ने इस बिल्डिंग को आग लगाने की कोशिश की थी. वहीं पुलिस ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की बात कही है पुराने विवाद के चलते रविवार देर रात 20 से 25 लड़कों ने थाना घमापुर अंतर्गत चुंगीनाक स्थित भगवानदास बिल्डिंग को घेर लिया. थोड़ी ही देर में उन लड़कों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी और फिर यह पत्थरबाजी बमबाजी में बदल गई. बमबाजी में बिल्डिंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो हुई है. इस घटना के दौरान इलाके के लोगों ने अपने अपने घर बंद कर लिए. इस दौरान कुछ लड़के इस बिल्डिंग के अंदर घुसने की कोशिश करते नजर आए. उनको अंदर घुसने से रोकने के लिए घर की महिलाओं ने उन पर पानी डाला. जिसके बाद लड़के दूर भागते नजर आए. इस हमले में उस परिवार की एक बच्ची बुरी तरह घायल हो गई.
पीड़ित परिवार ने जानकारी देते हुए बताया “20 नवंबर को उनकी दुकान में आग लगाई गई थी और फिर इलाके के दबंगों ने 25 नवंबर को को पत्थरबाजी की थी. डर के कारण घर के सभी सदस्य घर छोड़कर चले गए थे. उसके बाद आज 5 जनवरी को करीब 20-25 लड़कों ने घर को फिर घेर लिया और पत्थरबाजी और बमबाजी की. एक बम उनकी बच्ची को भी लग गया है, जिस कारण वह बुरी तरह घायल है. आरोपी मकान के पीछे पड़े हुए हैं. यह सब पार्षद जीतू ठाकुर के इशारे पर हो रहा है.”
एएसपी सिटी के अनुसार “थाना घमापुर क्षेत्र के पास भगवान टेंट हाउस की घटना है. फरियादी महेश खदानी ने शिकायत की है कि उनके बेटे अपने टेंट हाउस पर बैठे थे. तभी भैया छोटू, हर्ष और यश आए और गाली-गलौज शुरू कर दी. मना करने पर घर में पत्थरबाजी करने लगे. घटना में सुअरमार बम चलने की भी सूचना मिली है. हमले में दुकान पर बैठे जय और उनकी छोटी बहन को चोट आई है. घटना में कांग्रेस पार्षद का भी नाम आ रहा है. मामला विवेचना में लिया गया है जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. कुछ दिनों पूर्व भी उनका विवाद हुआ था जिसकी शिकायत मिली थी.”
