MP : भोपाल में बोरी में बंधा बछड़े का शव मिलने से हड़कंप, विरोध में उतरा हिंदू संगठन, FIR दर्ज

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर माहौल बिगाड़ने की साजिश रची गई है। नवरात्रि के दिनों में शहर की फिजा बिगाड़ने के उद्देश्य से छोटे तालाब के पास सड़क किनारे एक बछड़े का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब मौके पर पहुंचे हिंदू संगठनों ने सड़क जाम करते हुए धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया। इलाके में फैलते जा रहे तनाव फैल गया। भोपाल में हिंदू संगठनों ने देररात को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया। जिसके बाद देररात अज्ञात के खिलाफ बछड़ा काटने और बोरी में बांधकर फेंकने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने बछड़े का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

नीलम पार्क से तलैया थाने के बीच छोटे तालाब किनारे रात करीब 11:30 बजे कुछ लोगों ने बोरी में बछड़े का शव देखा। जिसके बाद यह खबर आग की तरह फैल गई। हिंदू संगठन के लोगों ने पुलिस को शिकायत की, लेकिन थाने से तुरंत कोई कार्रवाई को लेकर सतर्कता नहीं दिखाई। ऐसे में कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम कर दिया। मौके पर पुलिस बल पहुंचा। समझाईश के बाद कार्यकर्ताओं का आक्रोश कम हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इस घटना के विरोध में जय भवानी संगठन के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है और लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई भी व्यक्ति भ्रामक या गलत जानकारी फैलाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

मामले को लेकर एसीपी ने बताया कि, गोवंश काटा गया या उसकी मृत्यु हुई है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस की दो टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। जल्द ही इस मामले को निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा।