MP : सीधी में लोकायुक्त का छापा,5 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

मध्यप्रदेश: सीधी जिले के गोपद बनास तहसील अंतर्गत मिर्चवार हल्का के पटवारी मुनेंद्र सिंह भदौरिया को लोकायुक्त पुलिस रीवा की टीम ने 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पटवारी पर बारिसाना और नामांतरण के प्रकरण में कुल 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। जानकारी के अनुसार फरियादी मुनेश्वर प्रसाद सोनी ने लोकायुक्त पुलिस रीवा में शिकायत की थी कि उनकी माता के निधन के बाद बारिसाना और नामांतरण से संबंधित प्रकरण लंबित था। इस कार्य को करने के लिए हल्का पटवारी मुनेंद्र सिंह भदौरिया द्वारा 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। फरियादी के अनुसार पटवारी पहले ही 25 हजार रुपये ले चुका था और शेष 25 हजार रुपये की मांग कर रहा था। इसी दौरान वह फिर से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेने के लिए दबाव बना रहा था। शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त पुलिस रीवा की टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की और पटवारी को उसके घर पर ही 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।

फरियादी ने बताया कि रिश्वत की राशि देने के बावजूद पटवारी लगातार परेशान कर रहा था और शेष राशि की मांग कर रहा था। इसके बाद मजबूर होकर उसने लोकायुक्त में शिकायत की। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।