MP-UP, हरियाणा में मिस्र और सऊदी अरब जितनी गर्मी, नौतपा से 4 दिन पहले ही 48°C पहुंचा तापमान

25 मई से नौतपा शुरू हो रहे हैं, लेकिन उससे पहले ही तापमान 48°C पहुंच गया है। यह आंकड़ा उत्तर प्रदेश के बांदा में रिकॉर्ड हुआ। तापमान के लिहाज से 20 मई को बांदा दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। बांदा से ज्यादा तापमान केवल मिस्र के असवान में 49.4°C और सऊदी अरब के अराफात में 48.4°C रहा। दुनियाभर में सबसे ज्यादा तापमान वाले टॉप-5 शहरों में खजुराहो 47.4°C के साथ चौथे नंबर पर रहा। इधर, बलरामपुर में भीषण गर्मी के कारण कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पढ़ाई के दौरान 8 छात्राएं बेहोश हो गईं। सभी को उल्टी, सिरदर्द और बेहोशी जैसी शिकायतें थीं। इनका इलाज चल रहा है।

बुधवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, ओडिशा और महाराष्ट्र के 16 शहरों में भी तापमान 46°C से ज्यादा रहा।

महाराष्ट्र के वर्धा में 47.1°C, हरियाणा के रोहतक में 46.9°C, महाराष्ट्र के नागपुर में 46.6°C और मध्य प्रदेश के नौगांव में भी पारा 46.6°C तक पहुंच गया।